23 Mar 2026, Mon

Delhi News: MCD ने गिराया कुख्यात लेडी ड्रग माफिया अल्का का अवैध निर्माण, उसके पूरे परिवार पर दर्ज हैं 57 केस

दिल्ली: कुख्यात लेडी ड्रग माफिया अल्का के अवैध निर्माण पर चला MCD का बुलडोजर, पुलिस–नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई

नई दिल्ली:
दिल्ली में नशा तस्करों और संगठित अपराध के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। द्वारका इलाके में कुख्यात लेडी ड्रग माफिया अल्का से जुड़े अवैध निर्माण पर दिल्ली नगर निगम (MCD) और दिल्ली पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चला दिया। यह कार्रवाई द्वारका के डाबड़ी थाना क्षेत्र में की गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

यह सख्त कदम ड्वारका जिला पुलिस उपायुक्त (DCP) अंकित सिंह के निर्देश पर उठाया गया। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई नशा तस्करी, संगठित अपराध और अवैध निर्माण के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति का हिस्सा है।


डाबड़ी थाना पुलिस और MCD की संयुक्त कार्रवाई

जानकारी के मुताबिक, नव-नियुक्त थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गंगा राम मीणा ने पदभार संभालते ही अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्ती शुरू की। ड्रग माफिया से जुड़े अवैध निर्माण की सूचना मिलते ही इसे एमसीडी के संज्ञान में लाया गया। इसके बाद मकान संख्या B-101, पॉकेट-4, जेजे कॉलोनी, उत्तम नगर (बिंदापुर, डाबड़ी) में अवैध हिस्सों को ध्वस्त किया गया।

तोड़फोड़ की इस कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए डाबड़ी थाना पुलिस का भारी बल तैनात रहा।


लेडी ड्रग माफिया अल्का पर दर्ज हैं 28 से ज्यादा केस

पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह संपत्ति मनोज नागिया की पत्नी अल्का की बताई जा रही है, जो दिल्ली की कुख्यात लेडी ड्रग माफिया मानी जाती है। अल्का के खिलाफ आबकारी अधिनियम और NDPS एक्ट के तहत 28 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

वहीं, उसके पति मनोज नागिया का नाम भी 15 से ज्यादा आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है, जिनमें नशा तस्करी और अन्य संगीन अपराध शामिल हैं।


पूरे परिवार पर 57 आपराधिक मामले दर्ज

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इस परिवार के अन्य सदस्य भी आपराधिक गतिविधियों में लिप्त पाए गए हैं।

  • बेटे करण पर आबकारी और NDPS एक्ट के 7 केस

  • बेटे गौरव उर्फ गोलू पर NDPS और आर्म्स एक्ट के 4 केस

  • बेटी मनीषा पर आबकारी एक्ट के 3 केस

इस तरह पूरे परिवार पर कुल 57 आपराधिक मामले दर्ज हैं।


प्रशासन का सख्त संदेश

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई सिर्फ अवैध निर्माण हटाने तक सीमित नहीं है, बल्कि नशा तस्करों और संगठित अपराधियों को यह स्पष्ट संदेश है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। आने वाले दिनों में ऐसे अपराधियों के खिलाफ और भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *