मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। पत्नी सुनीता आहूजा के साथ रिश्तों में अनबन की खबरों के बीच उनकी फिल्म ‘रूपा’ की को-स्टार कोमल रानी स्वर्णकार ने सोशल मीडिया पर उनके साथ कुछ तस्वीरें साझा की हैं। इन तस्वीरों के सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज हो गईं। वहीं, अभिनेत्री राखी सावंत के गुस्से वाले इमोजी ने इस मामले को और सुर्खियों में ला दिया है।
गोविंदा के साथ तस्वीरें शेयर कर चर्चा में आईं कोमल रानी
कोमल रानी स्वर्णकार ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर गोविंदा के साथ तस्वीरों की एक सीरीज पोस्ट की है। इन तस्वीरों में दोनों एक साथ अलग-अलग अंदाज में पोज देते नजर आ रहे हैं।
तस्वीरों में कोमल लैवेंडर रंग की खूबसूरत साड़ी पहने दिखाई दे रही हैं, जबकि गोविंदा सफेद शर्ट, मैचिंग ब्लेजर और काली ट्राउजर में नजर आ रहे हैं।
इन तस्वीरों को साझा करते हुए कोमल ने कैप्शन में लिखा, ‘रूपा की खूबसूरत झलक।’ पोस्ट सामने आने के बाद फैंस ने अपनी प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं। कुछ लोगों ने दोनों की तस्वीरों की तारीफ की, जबकि कुछ यूजर्स ने इस पर सवाल भी उठाए।
राखी सावंत ने दिए गुस्से वाले इमोजी
कोमल रानी की इस पोस्ट पर सबसे ज्यादा चर्चा राखी सावंत की प्रतिक्रिया को लेकर हो रही है। राखी ने तस्वीरों पर लगातार कई लाल रंग के गुस्से वाले इमोजी शेयर किए।
राखी पहले भी सुनीता आहूजा के समर्थन में बयान देती नजर आई हैं। ऐसे में उनकी इस प्रतिक्रिया को सोशल मीडिया यूजर्स गोविंदा और सुनीता के बीच चल रही चर्चाओं से जोड़कर देख रहे हैं।
सुनीता आहूजा ने अपनी शादी को लेकर कही थी ये बात
दरअसल, पिछले कुछ समय से गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा की शादीशुदा जिंदगी को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हाल ही में सुनीता ने अपनी करीब 40 साल पुरानी शादी और रिश्ते को लेकर खुलकर बात की थी।
उन्होंने कहा था, “40 साल की शादी है, क्यों नहीं रहेगी? वक्त-वक्त की बात है, वह अपना कर रहे हैं, मैं अपना कर रही हूं। अलग तो इस दुनिया में मुझे और उसे कोई नहीं कर सकता।”
सुनीता के इस बयान के बाद उनके रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई थी। उन्होंने यह भी कहा था कि बाकी चीजें उन्होंने भगवान पर छोड़ दी हैं।
कोमल रानी पहले भी दे चुकी हैं प्रतिक्रिया
इस पूरे मामले में कोमल रानी स्वर्णकार भी पहले अपनी बात रख चुकी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया स्टोरी के जरिए लिखा था, “जो घर पहले से ही टूटा हुआ हो, उसे कोई और नहीं तोड़ सकता।”
हालांकि, इस पोस्ट में उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया था। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की थी कि उनके नाम को किसी विवाद या एजेंडे से जोड़कर इस्तेमाल न किया जाए।
सोशल मीडिया पर फिर तेज हुई चर्चा
गोविंदा और कोमल रानी की नई तस्वीरों के बाद एक बार फिर अभिनेता की निजी जिंदगी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है। जहां कुछ लोग उनकी आने वाली फिल्म ‘रूपा’ को लेकर उत्साहित हैं, वहीं कुछ यूजर्स राखी सावंत की प्रतिक्रिया पर सवाल उठा रहे हैं।
फिलहाल, इन तस्वीरों और सोशल मीडिया प्रतिक्रियाओं के बीच गोविंदा, सुनीता और कोमल से जुड़े विवाद को लेकर चर्चाएं जारी हैं।

