27 Aug 2026, Thu

नेपाल के कई इलाकों में आज और कल भारी बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग ने दी है चेतावनी

नेपाल में अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी है। जलप्रलय के बाद अब मौसम विभाग ने एक बार फिर भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। देश के कई हिस्सों में मॉनसून सक्रिय बना हुआ है, जिसके चलते बाढ़, भूस्खलन और मलबे के बहाव का खतरा बढ़ गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस आपदा में अब तक 163 से ज्यादा लोगों की मौत की खबर है, जबकि सैकड़ों लोग लापता बताए जा रहे हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में मौसम की स्थिति ने प्रशासन और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

चार प्रांतों में भारी बारिश की चेतावनी

नेपाल के हाइड्रोलॉजी एंड मौसम विज्ञान विभाग (DHM) ने गुरुवार और शुक्रवार को देश के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक, नेपाल में मॉनसून सक्रिय है और इसके प्रभाव से अधिकांश इलाकों में बादल छाए रहने तथा कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

विभाग ने बागमती, गंडकी और कर्णाली प्रांतों के पहाड़ी जिलों में एक या दो स्थानों पर भारी बारिश की आशंका जताई है। वहीं, तराई के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश हो सकती है। गुरुवार सुबह से ही कई क्षेत्रों में बारिश होने की खबर है और शुक्रवार को भी इसके जारी रहने का अनुमान है।

शुक्रवार रात तक जारी रह सकती है बारिश

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार रात तक कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। कोशी प्रांत के पहाड़ी और तराई क्षेत्रों के साथ-साथ बागमती और गंडकी प्रांत के पहाड़ी इलाकों में भी भारी बारिश होने की संभावना है।

DHM ने कहा है कि अगले तीन दिनों तक मॉनसून सक्रिय रह सकता है। इसके चलते कोशी, बागमती, गंडकी, लुंबिनी और कर्णाली प्रांतों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश होने की स्थिति में भूस्खलन और मलबे के बहाव का खतरा विशेष रूप से बढ़ सकता है।

बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बढ़ा

नेपाल में पहले ही बाढ़ से बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है और राहत एवं बचाव अभियान चलाए जा रहे हैं। ऐसे में दोबारा भारी बारिश होने की संभावना ने मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

मौसम विभाग ने संवेदनशील और जोखिम वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। लगातार बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ने, अचानक बाढ़ आने, मिट्टी के कटाव और भूस्खलन जैसी घटनाओं का खतरा बना हुआ है।

परिवहन और सेवाओं पर भी असर की आशंका

DHM ने चेतावनी दी है कि खराब मौसम का असर आम जनजीवन के साथ-साथ खेती, स्वास्थ्य सेवाओं, पर्यटन और पर्वतारोहण गतिविधियों पर भी पड़ सकता है। इसके अलावा सड़क और हवाई परिवहन भी प्रभावित होने की आशंका है।

विभाग ने लोगों से मौसम संबंधी ताजा अपडेट और प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी पर नजर रखने की अपील की है। बाढ़ की ताजा त्रासदी के बीच नेपाल में अब लोगों की नजर अगले कुछ दिनों के मौसम पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *