अगर आप रोज-रोज पकौड़े, समोसे या दूसरी नमकीन चीजें खाकर बोर हो चुके हैं और शाम की चाय के साथ कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं, तो कर्नाटक का मशहूर मद्दुर वड़ा आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। यह स्नैक बाहर से कुरकुरा और अंदर से हल्का नरम होता है। प्याज, चावल के आटे और रवा से तैयार होने वाला यह वड़ा स्वाद में बेहद लाजवाब लगता है।
मद्दुर वड़ा कर्नाटक के लोकप्रिय स्नैक्स में से एक है। इसमें प्याज के साथ काजू, बादाम, तिल, खसखस और मसालों का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे इसका स्वाद और भी खास हो जाता है। सबसे अच्छी बात यह है कि इसे घर पर आसानी से बनाया जा सकता है। अगर आप भी इसे बनाना चाहते हैं तो रेसिपी नोट कर लें।
मद्दुर वड़ा बनाने के लिए सामग्री
मद्दुर वड़ा बनाने के लिए आपको 4 प्याज, आधा कप मैदा और आधा कप चावल का आटा चाहिए। इसके अलावा 2 बड़े चम्मच उपमा रवा, 5-6 करी पत्ते, 2 बड़े चम्मच काजू, 2 बड़े चम्मच बादाम, आधा बड़ा चम्मच सफेद तिल, आधा बड़ा चम्मच खसखस, 1 छोटा चम्मच जीरा और 2-3 हरी मिर्च लें।
स्वाद के लिए नमक, आधा छोटा चम्मच काली मिर्च और तलने के लिए तेल की जरूरत होगी। मिश्रण में डालने के लिए 2-3 बड़े चम्मच गरम तेल भी रखें।
ऐसे तैयार करें मद्दुर वड़ा
स्टेप 1: सबसे पहले प्याज को छीलकर आधा काट लें और फिर पतली स्लाइस में काटें। कटे हुए प्याज को एक बड़े बाउल में डालें और उसमें थोड़ा नमक मिलाकर हाथों से हल्का मसलें। कुछ देर रखने पर प्याज पानी छोड़ देगा। प्याज से निकला अतिरिक्त पानी निकाल दें।
स्टेप 2: अब प्याज में करी पत्ता, बारीक कटे काजू-बादाम, सफेद तिल, खसखस, जीरा और बारीक कटी हरी मिर्च डालें। इसके बाद उपमा रवा डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें। रवा प्याज से बची हुई नमी को सोखने में मदद करेगा।
स्टेप 3: अब इसमें मैदा, चावल का आटा, जरूरत के अनुसार नमक और कुटी हुई काली मिर्च डालें। इसके बाद 2-3 बड़े चम्मच गरम तेल डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं। मिश्रण को हाथों से हल्का गूंथें। ध्यान रखें कि इसमें पानी नहीं डालना है। प्याज की नमी और तेल की मदद से मिश्रण तैयार हो जाएगा।
स्टेप 4: मिश्रण तैयार होने के बाद इसके छोटे-छोटे हिस्से लेकर गोल आकार दें। अब एक-एक गोले को हथेलियों के बीच रखकर हल्का चपटा कर लें। वड़े बहुत ज्यादा मोटे न रखें, ताकि वे अंदर तक अच्छी तरह पक सकें।
स्टेप 5: एक कढ़ाई में तेल गर्म करें। तेल गर्म होने के बाद तैयार वड़ों को सावधानी से डालें और मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें। तलने के बाद इन्हें पेपर टॉवल पर निकाल लें, ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए।
चाय के साथ करें सर्व
आपके स्वादिष्ट और कुरकुरे मद्दुर वड़े तैयार हैं। इन्हें गरमा-गरम नारियल की चटनी, हरी चटनी या अपनी पसंद की चटनी के साथ सर्व कर सकते हैं। शाम की चाय के साथ यह स्नैक परिवार के सभी लोगों को पसंद आ सकता है। अगर आप कुछ अलग और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो कर्नाटक की यह पारंपरिक रेसिपी जरूर ट्राई करें।

