मुंबई। साल 2026 में बॉक्स ऑफिस पर कई फिल्मों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया है और उम्मीद से बेहतर कमाई भी की है। इसी कड़ी में इमरान हाशमी और दिशा पाटनी स्टारर ‘आवारापन 2’ इन दिनों सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन कर रही है। 14 अगस्त को रिलीज हुई यह फिल्म 11 दिन बाद भी दर्शकों की पहली पसंद बनी हुई है। वहीं, इसी दौरान रिलीज हुई सनी देओल और प्रीति जिंटा की ‘बटवारा 1947’ की कमाई लगातार कमजोर होती जा रही है।
दोनों फिल्मों के बीच बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला अब काफी हद तक एकतरफा नजर आ रहा है। जहां ‘आवारापन 2’ दूसरे हफ्ते में भी मजबूती से कमाई कर रही है, वहीं ‘बटवारा 1947’ दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने के लिए संघर्ष करती दिखाई दे रही है।
11वें दिन भी ‘आवारापन 2’ की शानदार कमाई
इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ को रिलीज हुए 11 दिन हो चुके हैं। फिल्म ने पहले हफ्ते में ही बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ बना ली थी और अब दूसरे हफ्ते में भी इसकी रफ्तार बनी हुई है। उपलब्ध बॉक्स ऑफिस आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 11 दिनों में करीब 139 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है।
फिल्म की लगातार कमाई को देखते हुए माना जा रहा है कि यह जल्द ही घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 150 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर सकती है। वहीं, वर्ल्डवाइड कलेक्शन के मामले में फिल्म 200 करोड़ रुपये के बेहद करीब पहुंच चुकी है।
‘आवारापन 2’ की सफलता इमरान हाशमी के लिए भी खास मानी जा रही है। फिल्म को दर्शकों के साथ-साथ उनके फैंस से भी शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। इमरान की पत्नी परवीन ने भी फिल्म की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर किया था। उन्होंने इमरान की मेहनत और लंबे इंतजार का जिक्र करते हुए फिल्म की सफलता का जश्न मनाया था।
साल की टॉप फिल्मों में शामिल हुई फिल्म
‘आवारापन 2’ अब 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों की सूची में भी शामिल हो गई है। करीब 139 करोड़ रुपये के घरेलू नेट कलेक्शन के साथ फिल्म साल की पांचवीं सबसे बड़ी भारतीय फिल्म बन गई है। इससे पहले ‘धुरंधर 2’, ‘बॉर्डर 2’, ‘भूत बंगला’ और ‘धमाल 4’ जैसी फिल्में ज्यादा कमाई कर चुकी हैं।
‘बटवारा 1947’ की कमाई में गिरावट
दूसरी तरफ सनी देओल और प्रीति जिंटा स्टारर ‘बटवारा 1947’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई है। राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने रिलीज के पहले दिन करीब 5.75 करोड़ रुपये कमाए थे। दूसरे दिन फिल्म की कमाई में उछाल आया और इसने लगभग 13.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया। हालांकि, तीसरे दिन फिल्म का कलेक्शन घटकर करीब 7.25 करोड़ रुपये रह गया।
इसके बाद फिल्म की कमाई में लगातार गिरावट देखने को मिली। ऐसे में ‘आवारापन 2’ और ‘बटवारा 1947’ की बॉक्स ऑफिस रेस में इमरान हाशमी की फिल्म ने साफ तौर पर बढ़त बना ली है। आने वाले दिनों में ‘आवारापन 2’ 200 करोड़ के क्लब में शामिल होती है या नहीं, इस पर अब दर्शकों और ट्रेड एक्सपर्ट्स की नजरें टिकी हैं।

