24 Aug 2026, Mon

न कानून, न सबूत, सिर्फ परिवार! अजय देवगन ने ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ की रिलीज डेट संग खोले नए पत्ते

मुंबई। अजय देवगन की सुपरहिट सस्पेंस-थ्रिलर फ्रेंचाइजी ‘दृश्यम’ एक बार फिर दर्शकों को रोमांचित करने के लिए तैयार है। फिल्म की तीसरी और अंतिम किस्त को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। मेकर्स ने फिल्म के आधिकारिक टाइटल और रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है। अजय देवगन एक बार फिर अपने लोकप्रिय किरदार विजय सलगांवकर के रूप में पर्दे पर वापसी करेंगे।

फिल्म का नाम ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ रखा गया है और यह दुनियाभर के सिनेमाघरों में 2 अक्टूबर 2026 को रिलीज होगी। फिल्म के ऐलान के साथ ही फैंस के बीच उत्सुकता काफी बढ़ गई है। पिछले दो पार्ट में विजय सलगांवकर अपनी सूझबूझ और चालाक रणनीतियों से पुलिस को लगातार मात देता नजर आया था। अब तीसरे और अंतिम अध्याय में उसकी कहानी किस मोड़ पर पहुंचेगी, यह देखना दिलचस्प होगा।

पोस्टर ने बढ़ाई फैंस की एक्साइटमेंट

अजय देवगन ने फिल्म का पहला आधिकारिक पोस्टर सोशल मीडिया पर शेयर किया है। पोस्टर सामने आते ही फिल्म को लेकर चर्चा तेज हो गई। पोस्टर में विजय सलगांवकर के किरदार का अटूट आत्मविश्वास और अपने परिवार के प्रति उसकी प्रतिबद्धता साफ दिखाई देती है।

पोस्टर पर लिखा संवाद ‘मेरा सच, मेरा सही, सिर्फ मेरी फैमिली है’ विजय के किरदार की सोच को दर्शाता है। पिछले दोनों भागों में भी विजय अपने परिवार को बचाने के लिए हर संभव कोशिश करता नजर आया था। ऐसे में इस आखिरी किस्त में भी परिवार उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकता रहने वाला है।

इससे पहले फिल्म के फर्स्ट लुक टीजर में अजय देवगन की आवाज सुनाई दी थी। इसमें विजय के किरदार की सोच को सामने रखा गया था। वह समाज की ओर से अपने लिए इस्तेमाल किए जाने वाले अलग-अलग नामों की परवाह नहीं करता। उसके लिए सही और गलत की सबसे बड़ी कसौटी उसका परिवार है और वह अपने अपनों की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है।

तब्बू समेत ये कलाकार आएंगे नजर

‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ में अजय देवगन के साथ तब्बू, श्रिया सरन, जयदीप अहलावत और प्रकाश राज अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। तब्बू एक बार फिर पुलिस अधिकारी के किरदार में दिखाई देंगी, जिससे विजय और पुलिस के बीच टकराव की कहानी को आगे बढ़ाया जाएगा।

‘दृश्यम 2’ की सफलता के बाद निर्देशक अभिषेक पाठक एक बार फिर इस फ्रेंचाइजी की कमान संभाल रहे हैं। फिल्म की कहानी और पटकथा पर आमिल कियान खान और परवेज शेख के साथ मिलकर काम किया गया है।

2 अक्टूबर को होगा कहानी का कन्क्लूजन

फिल्म के निर्माताओं ने इसे फ्रेंचाइजी का अंतिम अध्याय बताया है। ‘दृश्यम’ की पिछली दोनों फिल्मों को दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली थी। ऐसे में तीसरे पार्ट से भी काफी उम्मीदें हैं।

फिल्म का निर्माण पैनोरमा स्टूडियोज और स्टार स्टूडियो18 के संयुक्त बैनर तले किया जा रहा है। कुमार मंगत पाठक, आलोक जैन, अजीत अंधारे और अभिषेक पाठक इसके निर्माता हैं।

अब देखना होगा कि विजय सलगांवकर इस बार अपने परिवार को बचाने के लिए क्या नई चाल चलता है और कहानी का अंत किस तरह होता है। ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *