मुंबई। दिग्गज अभिनेत्री और सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (CINTAA) की प्रेसिडेंट पूनम ढिल्लों को डेंगू हो गया है। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभिनेत्री के अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने आने के बाद उनके फैंस चिंता में पड़ गए हैं। सोशल मीडिया पर फैंस लगातार उनकी जल्द रिकवरी की कामना कर रहे हैं।
पूनम ढिल्लों हिंदी सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्रियों में से एक हैं। उन्होंने अपने लंबे फिल्मी करियर में कई यादगार फिल्मों में काम किया है। ‘सोहनी माहीवाल’, ‘ये वादा रहा’ और ‘नाम’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को दर्शकों ने खूब पसंद किया। फिल्मों के अलावा वह लंबे समय से इंडस्ट्री से जुड़े संगठन CINTAA में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
अब कैसी है पूनम ढिल्लों की तबीयत?
अभिनेत्री की सेहत को लेकर सामने आए अपडेट के मुताबिक, पूनम ढिल्लों फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं और इलाज चल रहा है। पत्रकार विक्की लालवानी ने सोशल मीडिया पर अभिनेत्री का हेल्थ अपडेट साझा किया है।
उन्होंने बताया कि जब उन्हें पूनम ढिल्लों के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिली तो उन्होंने सुबह अभिनेत्री को मैसेज करके उनकी तबीयत के बारे में पूछा। इसके जवाब में पूनम ढिल्लों ने बताया कि वह अब पहले से बेहतर हैं और धीरे-धीरे रिकवर कर रही हैं।
अभिनेत्री के इस जवाब के बाद उनके फैंस को थोड़ी राहत मिली है। हालांकि, उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर से उनके चाहने वाले लगातार चिंता जता रहे हैं और उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।
CINTAA विवाद के बीच अस्पताल में भर्ती हुईं पूनम
पूनम ढिल्लों की तबीयत खराब होने की खबर ऐसे समय सामने आई है, जब वह CINTAA के अंदर चल रहे नेतृत्व विवाद को लेकर भी सुर्खियों में हैं। पिछले दिनों संगठन के कई सदस्यों ने मौजूदा नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए इस्तीफा दिया था।
अगस्त में CINTAA की कार्यकारी समिति के 11 सदस्यों ने इस्तीफा दे दिया था। इनमें आठ निर्वाचित सदस्य भी शामिल थे। इस्तीफा देने वाले सदस्यों ने संगठन में पारदर्शिता और सामूहिक निर्णय लेने की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए थे। साथ ही नए चुनाव कराने की मांग भी की गई थी।
उपासना सिंह ने लगाए थे गंभीर आरोप
CINTAA की जनरल सेक्रेटरी उपासना सिंह ने भी संगठन के नेतृत्व को लेकर पूनम ढिल्लों और वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद्मिनी कोल्हापुरे पर गंभीर आरोप लगाए थे। उपासना सिंह ने दावा किया था कि जो सदस्य पूनम ढिल्लों की बात से सहमत नहीं होते, उन्हें शो-कॉज नोटिस भेजे जाते थे।
उन्होंने एक बातचीत के दौरान आरोप लगाया था कि संगठन में असहमति जताने वाले सदस्यों के साथ ठीक व्यवहार नहीं किया जाता और अब तक कमेटी के कई सदस्य इस्तीफा दे चुके हैं।
हालांकि, पूनम ढिल्लों ने उपासना सिंह के आरोपों को खारिज किया था। अभिनेत्री ने कहा था कि वह किसी भी तरह के ‘कीचड़ उछालने वाले खेल’ का हिस्सा नहीं बनना चाहतीं।
फिलहाल पूनम ढिल्लों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनके स्वास्थ्य में सुधार की जानकारी सामने आई है। फैंस को उम्मीद है कि अभिनेत्री जल्द पूरी तरह स्वस्थ होकर घर लौटेंगी।

