18 Aug 2026, Tue

डेविड वॉर्नर को ड्रिंक-ड्राइविंग मामले में सजा, गाड़ी में ब्रेथलाइजर लॉक लगाने का भी आदेश

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। करीब चार महीने पुराने ड्रिंक-ड्राइविंग मामले में सिडनी की अदालत ने उन्हें दोषी ठहराते हुए जुर्माना लगाया है। वॉर्नर को ईस्टर के मौके पर शराब पीकर गाड़ी चलाते हुए पकड़ा गया था। अदालत ने मामले की सुनवाई के बाद उन पर 1500 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर का जुर्माना लगाया है, जो करीब 1065 अमेरिकी डॉलर के बराबर है।

39 वर्षीय वॉर्नर ने पिछले महीने मिडिल रेंज ड्रंक ड्राइविंग के आरोप को स्वीकार किया था। मामला उस समय का है जब वह परिवार के साथ ईस्टर संडे पर मारूब्रा में बारबेक्यू के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें रोककर ब्रेथ टेस्ट किया। जांच में उनके शरीर में शराब की मात्रा निर्धारित कानूनी सीमा से दो गुना से भी अधिक पाई गई थी।

पुलिस ने किया था गिरफ्तार

रिपोर्ट के मुताबिक, वॉर्नर ने पुलिस के रैंडम टेस्टिंग साइट तक पहुंचने से पहले ही अपनी गाड़ी रोक दी थी। इसके बाद पुलिस ने उनका ब्रेथ टेस्ट किया। जांच के बाद उन्हें गिरफ्तार कर पुलिस स्टेशन ले जाया गया।

अदालत में सुनवाई के दौरान इस मामले से जुड़ी एक और जानकारी सामने आई। पुलिस के गाड़ी रोकने के बाद वॉर्नर ने एक महिला यात्री के साथ सीट बदलने की कोशिश की थी। हालांकि, बाद में उन्होंने शराब पीकर गाड़ी चलाने की गलती स्वीकार कर ली।

कार में मौजूद थे बच्चे

इस मामले को गंभीर बनाने वाली सबसे बड़ी बात यह थी कि घटना के समय वॉर्नर की कार में बच्चे भी मौजूद थे। अदालत ने इसी को ध्यान में रखते हुए उनके वाहन में ब्रेथलाइजर लॉक डिवाइस लगाने का आदेश दिया है।

यह डिवाइस वाहन को स्टार्ट होने से पहले ड्राइवर की सांस में शराब की मात्रा की जांच करता है। अगर डिवाइस शराब की मौजूदगी निर्धारित सीमा से ज्यादा पाता है, तो वाहन स्टार्ट नहीं होता।

जज क्लेयर फर्नान ने सुनवाई के दौरान न्यू साउथ वेल्स में शराब पीकर गाड़ी चलाने से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की गंभीरता पर जोर दिया। हालांकि अदालत ने यह भी माना कि वॉर्नर के दोबारा ऐसी गलती करने की संभावना कम है।

कानूनी टीम ने की थी दोषसिद्धि से बचाने की कोशिश

वॉर्नर की कानूनी टीम ने अदालत से उनकी दोषसिद्धि से बचाने की अपील की थी। बचाव पक्ष की ओर से दलील दी गई कि इस मामले की मीडिया कवरेज का वॉर्नर के पेशेवर जीवन पर पहले ही असर पड़ा है।

क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद डेविड वॉर्नर कमेंट्री और लीग क्रिकेट से जुड़े हुए हैं। वह बतौर कमेंटेटर काम कर रहे हैं और बिग बैश लीग में सिडनी थंडर की कप्तानी भी करते हैं। ऐसे में इस मामले का उनकी सार्वजनिक छवि पर असर पड़ने की बात भी अदालत के सामने रखी गई।

हालांकि, अदालत ने उनकी दलीलों को देखते हुए भी दोषसिद्धि दर्ज की और 1500 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर का जुर्माना लगाया। साथ ही वाहन में ब्रेथलाइजर लॉक डिवाइस लगाने का आदेश दिया गया।

डेविड वॉर्नर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के सबसे चर्चित खिलाड़ियों में रहे हैं। मैदान पर अपने आक्रामक अंदाज के लिए मशहूर वॉर्नर अब क्रिकेट से संन्यास के बाद कमेंट्री और घरेलू टी20 क्रिकेट में सक्रिय हैं। ऐसे में चार महीने पुराने इस मामले में आया अदालत का फैसला उनके लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *