7 Aug 2026, Fri

थलापति विजय और पत्नी के रिश्ते में आया नया मोड़, संगीता ने लिया यू-टर्न, वापस ली तलाक की अर्जी

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) प्रमुख सी जोसेफ विजय और उनकी पत्नी संगीता सोरनालिंगम के बीच लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद में नया मोड़ आ गया है। संगीता ने चेन्गलपट्टू फैमिली कोर्ट में दायर अपनी तलाक की याचिका वापस ले ली है। इस फैसले के बाद माना जा रहा है कि दोनों के बीच सुलह हो गई है और 27 साल पुराने रिश्ते को एक और मौका देने का निर्णय लिया गया है।

पिछले कई महीनों से विजय और संगीता के वैवाहिक विवाद को लेकर मीडिया और राजनीतिक गलियारों में लगातार चर्चाएं हो रही थीं। तलाक की अर्जी वापस लेने के बाद अब इस हाई-प्रोफाइल मामले के खत्म होने की संभावना जताई जा रही है। इस खबर से विजय के समर्थकों और प्रशंसकों के बीच खुशी का माहौल है।

सूत्रों के अनुसार, अदालत में दोनों पक्षों के बीच बातचीत और सुलह की प्रक्रिया के बाद संगीता ने अपनी याचिका वापस लेने का फैसला किया। हालांकि विजय या संगीता की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

संगीता ने फरवरी में फैमिली कोर्ट में तलाक की याचिका दायर की थी। याचिका में उन्होंने आरोप लगाया था कि विजय का एक अन्य अभिनेत्री के साथ अवैध संबंध था, जिसकी जानकारी उन्हें वर्ष 2021 में मिली थी। उनका दावा था कि विजय ने इस संबंध को समाप्त करने का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में भी यह रिश्ता जारी रहा।

याचिका में यह भी आरोप लगाया गया था कि विजय ने उन्हें अपने सामाजिक और व्यावसायिक जीवन से पूरी तरह अलग कर दिया था। संगीता ने कहा था कि विजय संबंधित अभिनेत्री के साथ विदेश यात्राओं और सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होते रहे, जबकि उन्हें परिवार और सार्वजनिक जीवन से दूर रखा गया।

संगीता ने अदालत में दायर दस्तावेजों में यह भी कहा था कि सोशल मीडिया पर अभिनेत्री द्वारा साझा की गई तस्वीरों और खबरों के कारण उन्हें और उनके दोनों बच्चों, जेसन संजय और दिव्या साशा, को सामाजिक अपमान और मानसिक तनाव का सामना करना पड़ा। उन्होंने विजय पर वित्तीय पाबंदियां लगाने, सुविधाओं में कटौती करने और उनकी स्वतंत्र आवाजाही को सीमित करने जैसे आरोप भी लगाए थे।

याचिका में संगीता ने कहा था कि उनका वैवाहिक संबंध केवल औपचारिकता बनकर रह गया है और इसमें सुधार की कोई संभावना नहीं बची है। उन्होंने मानसिक पीड़ा, अपमान और भावनात्मक तनाव को तलाक की मांग का प्रमुख आधार बताया था।

विजय और संगीता की शादी 25 अगस्त 1999 को हुई थी। संगीता मूल रूप से श्रीलंकाई तमिल पृष्ठभूमि से हैं और उनका पालन-पोषण यूनाइटेड किंगडम में हुआ। दोनों के दो बच्चे हैं। संगीता हमेशा से मीडिया की चकाचौंध से दूर रहकर पारिवारिक जीवन को प्राथमिकता देती रही हैं।

उनकी प्रेम कहानी भी काफी चर्चित रही है। संगीता पहले विजय की बड़ी प्रशंसक थीं और उनसे मिलने के लिए लंदन से चेन्नई पहुंची थीं। वहीं से दोनों के बीच जान-पहचान शुरू हुई, जो बाद में विवाह में बदल गई।

अब तलाक की याचिका वापस लेने के बाद माना जा रहा है कि दोनों ने अपने रिश्ते को बचाने और परिवार को प्राथमिकता देने का फैसला किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *