मानसून का मौसम जहां ठंडक और ताजगी लेकर आता है, वहीं लगातार बारिश के कारण लोगों की रोजाना की फिटनेस रूटीन प्रभावित हो जाती है। कई लोग नियमित रूप से वॉक, जॉगिंग या रनिंग करते हैं, लेकिन बारिश की वजह से बाहर निकलना संभव नहीं हो पाता। ऐसे में शारीरिक गतिविधि कम होने से वजन बढ़ना, शरीर में सुस्ती, मांसपेशियों की कमजोरी और तनाव जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
फिटनेस विशेषज्ञों का मानना है कि अच्छी सेहत के लिए रोजाना कम से कम 30 मिनट शारीरिक गतिविधि जरूरी है। अगर मौसम खराब है तो घर पर ही कुछ आसान एक्सरसाइज करके शरीर को सक्रिय और फिट रखा जा सकता है। खास बात यह है कि इन एक्सरसाइज के लिए महंगे जिम उपकरणों की जरूरत नहीं होती।
स्किपिंग से बढ़ाएं स्टैमिना
रस्सी कूदना यानी स्किपिंग सबसे प्रभावी कार्डियो एक्सरसाइज में से एक है। यह कम समय में पूरे शरीर की कसरत कराती है और तेजी से कैलोरी बर्न करने में मदद करती है।
रोज 10 से 15 मिनट स्किपिंग करने से हृदय स्वस्थ रहता है, पैरों की मांसपेशियां मजबूत होती हैं और स्टैमिना बढ़ता है। अगर शुरुआत कर रहे हैं तो 1-2 मिनट के छोटे सेट से शुरू करें और धीरे-धीरे समय बढ़ाएं।
सीढ़ियां चढ़ना-उतरना
अगर आपके घर या बिल्डिंग में सीढ़ियां हैं तो यह बेहतरीन वर्कआउट बन सकती हैं। सीढ़ियां चढ़ना और उतरना एक असरदार कार्डियो और स्ट्रेंथ एक्सरसाइज है।
इससे जांघ, पिंडली और हिप्स की मांसपेशियां मजबूत होती हैं और हार्ट हेल्थ में भी सुधार होता है। शुरुआत में 5-10 मिनट तक सीढ़ियों का इस्तेमाल करें।
प्लैंक से मजबूत होगा कोर
प्लैंक एक ऐसी एक्सरसाइज है जो शरीर के कोर यानी पेट, कमर और कंधों की मांसपेशियों को मजबूत बनाती है। यह देखने में आसान लगती है, लेकिन सही तरीके से करने पर पूरे शरीर पर असर डालती है।
शुरुआत में 20-30 सेकंड प्लैंक करें और धीरे-धीरे इसे 1 मिनट या उससे अधिक तक ले जाएं। इससे शरीर का संतुलन और पोस्टर भी बेहतर होता है।
स्क्वाट से पैरों को मिलेगी मजबूती
स्क्वाट पैरों, हिप्स और कोर मसल्स के लिए सबसे प्रभावी एक्सरसाइज में से एक है। यह वजन कम करने और निचले हिस्से की ताकत बढ़ाने में मदद करती है।
रोज 3 सेट में 12-15 स्क्वाट करने से पैरों की मांसपेशियां मजबूत होती हैं और शरीर की कार्यक्षमता बेहतर होती है।
स्ट्रेचिंग और योग
बारिश के मौसम में शरीर में अकड़न और जकड़न की समस्या बढ़ सकती है। ऐसे में स्ट्रेचिंग और योग बेहद फायदेमंद साबित होते हैं।
स्ट्रेचिंग से मांसपेशियों में लचीलापन आता है, जबकि योग तनाव कम करने, मानसिक शांति बनाए रखने और शरीर के संतुलन को बेहतर बनाने में मदद करता है। ताड़ासन, भुजंगासन, मार्जरी आसन और बालासन जैसे योगासन मानसून के दौरान किए जा सकते हैं।
फिटनेस के साथ रखें इन बातों का ध्यान
- रोज कम से कम 30 मिनट एक्सरसाइज करें।
- वर्कआउट से पहले 5 मिनट वार्म-अप करें।
- पर्याप्त पानी पीते रहें।
- संतुलित आहार लें और जंक फूड से बचें।
- पर्याप्त नींद जरूर लें।
बारिश के कारण बाहर निकलना मुश्किल हो सकता है, लेकिन फिटनेस बनाए रखना पूरी तरह आपके हाथ में है। घर पर नियमित रूप से ये आसान एक्सरसाइज करने से न सिर्फ वजन नियंत्रित रहेगा, बल्कि शरीर सक्रिय, मजबूत और ऊर्जावान भी बना रहेगा।

