मुंबई: बॉलीवुड की ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा और हॉलीवुड सिंगर निक जोनस की जोड़ी दुनिया की सबसे चर्चित सेलिब्रिटी जोड़ियों में गिनी जाती है। दोनों अक्सर सोशल मीडिया पर एक-दूसी के लिए अपना प्यार जाहिर करते रहते हैं। इस बार भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला, जब निक जोनस ने अपनी और प्रियंका की सगाई के खास पल को याद करते हुए एक पुरानी तस्वीर साझा की। इस थ्रोबैक फोटो ने फैंस को एक बार फिर दोनों की खूबसूरत लव स्टोरी की याद दिला दी।
निक जोनस ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर आठ साल पुरानी एक सेल्फी शेयर की, जो उनके प्रपोजल के तुरंत बाद की बताई जा रही है। तस्वीर में निक मुस्कुराते हुए कैमरे की ओर देख रहे हैं, जबकि प्रियंका चोपड़ा अपने हाथ से चेहरा हल्का-सा छिपाकर अपनी डायमंड एंगेजमेंट रिंग फ्लॉन्ट करती नजर आ रही हैं। तस्वीर के साथ निक ने लिखा, “8 साल पहले उन्होंने ‘हां’ कहा था”, साथ ही उन्होंने रिंग वाला इमोजी भी शेयर किया।
निक की इस पोस्ट को प्रियंका चोपड़ा ने भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर री-शेयर किया और बेहद भावुक अंदाज में जवाब देते हुए लिखा, “मैं शुक्रगुजार हूं कि आपने मुझसे पूछा।” दोनों की यह छोटी-सी बातचीत सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई और फैंस ने इस कपल पर खूब प्यार लुटाया।
दरअसल, निक जोनस ने 19 जुलाई 2018 को प्रियंका चोपड़ा को प्रपोज किया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस खास मौके के लिए निक ने लंदन में मशहूर ज्वेलरी ब्रांड टिफनी एंड कंपनी का पूरा स्टोर कुछ समय के लिए बंद करवा दिया था, ताकि वह प्रियंका के लिए सबसे बेहतरीन एंगेजमेंट रिंग चुन सकें। इस दिलचस्प किस्से का खुलासा खुद निक और प्रियंका ने ‘द जोनस ब्रदर्स पॉडकास्ट’ में किया था।
प्रपोजल के कुछ महीनों बाद दोनों ने दिसंबर 2018 में राजस्थान के जोधपुर स्थित उम्मेद भवन पैलेस में शाही अंदाज में शादी की थी। उनकी शादी हिंदू और ईसाई दोनों रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुई थी। इस भव्य समारोह की तस्वीरें और वीडियो आज भी सोशल मीडिया पर पसंद किए जाते हैं।
प्रियंका ने कई इंटरव्यू में अपने रिश्ते को लेकर खुलकर बात की है। जय शेट्टी के साथ बातचीत में उन्होंने बताया था कि दोनों ने करीब छह महीने तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद शादी करने का फैसला लिया। वहीं हाल ही में ‘द जोनस ब्रदर्स पॉडकास्ट’ में प्रियंका ने कहा कि निक उनके जीवन का सबसे बड़ा सहारा हैं। उन्होंने बताया कि जब निक उनके साथ होते हैं तो उन्हें किसी बात की चिंता नहीं रहती। प्रियंका प्यार से निक को “बाबू” कहकर बुलाती हैं और उन्हें अपना “हैप्पी प्लेस” बताती हैं। इसी बातचीत में उन्होंने मजाकिया अंदाज में निक को “गॉसिप किंग” भी कहा था।
जनवरी 2022 में प्रियंका और निक ने सरोगेसी के जरिए अपनी बेटी मालती मैरी चोपड़ा जोनस का स्वागत किया। दोनों अक्सर अपनी बेटी के साथ बिताए खास पलों की झलक सोशल मीडिया पर साझा करते रहते हैं, जिन्हें फैंस खूब पसंद करते हैं।
वर्क फ्रंट की बात करें तो प्रियंका चोपड़ा इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘वाराणसी’ की रिलीज की तैयारी में व्यस्त हैं। इस फिल्म का निर्देशन एस.एस. राजामौली कर रहे हैं और इसमें उनके साथ महेश बाबू मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। दूसरी ओर, निक जोनस अपने म्यूजिक प्रोजेक्ट्स और लाइव कॉन्सर्ट्स में व्यस्त हैं। निजी और पेशेवर जीवन में व्यस्त होने के बावजूद यह कपल समय-समय पर अपने रिश्ते की खूबसूरत यादें साझा कर फैंस का दिल जीतता रहता है।

