अगर आप रोज़-रोज़ पराठा, ब्रेड या पोहा खाकर बोर हो चुके हैं और नाश्ते में कुछ हेल्दी, स्वादिष्ट और प्रोटीन से भरपूर बनाना चाहते हैं, तो मूंग दाल उत्तपम आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकता है। दक्षिण भारतीय व्यंजनों में उत्तपम का खास स्थान है। आमतौर पर इसे चावल और उड़द दाल से तैयार किया जाता है, लेकिन मूंग दाल से बना उत्तपम स्वाद के साथ-साथ पोषण से भी भरपूर होता है। इसमें मौजूद प्रोटीन और फाइबर लंबे समय तक पेट भरा रखते हैं और शरीर को भरपूर ऊर्जा देते हैं।
मूंग दाल उत्तपम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और यह बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है। अगर इसे नारियल की चटनी या सांभर के साथ परोसा जाए तो इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है।
मूंग दाल उत्तपम बनाने के लिए सामग्री
- 1 कप बिना छिलके वाली पीली मूंग दाल
- 2 बड़े चम्मच मोटा कटा अदरक
- 2–3 हरी मिर्च
- मुट्ठीभर करी पत्ता
- 1½ छोटी चम्मच जीरा
- 10–12 काली मिर्च
- 2 बड़े चम्मच बेसन
- 2 बड़े चम्मच सूजी
- 2 बड़े चम्मच दही
- 1 छोटी चम्मच चीनी
- 1 छोटी चम्मच बेकिंग सोडा
- स्वादानुसार नमक
- लगभग ¾ कप पानी
- तेल (ग्रीसिंग के लिए)
- पसंदीदा बारीक कटी सब्जियां (वैकल्पिक)
ऐसे बनाएं मूंग दाल उत्तपम
सबसे पहले मूंग दाल को अच्छी तरह धोकर रातभर या कम से कम 5–6 घंटे के लिए पानी में भिगो दें। सुबह दाल का पानी निकालकर उसे मिक्सर जार में डालें। इसमें अदरक, हरी मिर्च, करी पत्ता, जीरा, काली मिर्च, बेसन, सूजी, दही, नमक, चीनी और थोड़ा पानी डालकर मुलायम और गाढ़ा बैटर तैयार कर लें। ध्यान रखें कि बैटर बहुत पतला न हो।
अगर आप उत्तपम को ज्यादा कुरकुरा बनाना चाहते हैं तो सूजी जरूर मिलाएं। वहीं, यदि नरम और स्पंजी उत्तपम पसंद है तो सूजी की मात्रा कम कर सकते हैं या छोड़ भी सकते हैं।
उत्तपम बनाने से ठीक पहले बैटर में बेकिंग सोडा डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब एक नॉन-स्टिक तवा या पैन मध्यम आंच पर गर्म करें और उस पर हल्का तेल लगाएं। बैटर डालकर गोल आकार में फैलाएं। चाहें तो ऊपर से बारीक कटी प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च, गाजर या हरा धनिया डाल सकते हैं।
उत्तपम को एक तरफ से सुनहरा होने तक पकाएं, फिर पलटकर दूसरी तरफ भी अच्छी तरह सेंक लें। जब दोनों तरफ से हल्का सुनहरा और कुरकुरा हो जाए, तब इसे प्लेट में निकाल लें।
गरमा-गरम मूंग दाल उत्तपम को नारियल की चटनी, टमाटर की चटनी या सांभर के साथ परोसें। यह स्वादिष्ट होने के साथ-साथ प्रोटीन, फाइबर और अन्य जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर होता है। अगर आप अपने परिवार के लिए हेल्दी और टेस्टी नाश्ता बनाना चाहते हैं, तो यह रेसिपी जरूर ट्राई करें।

