मध्य पूर्व में अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच यमन से एक और गंभीर घटनाक्रम सामने आया है। ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने आरोप लगाया है कि सऊदी अरब ने यमन की राजधानी सना के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हवाई हमला किया। इसके जवाब में हूती लड़ाकों ने सऊदी अरब के अभा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से निशाना बनाने का दावा किया है।
हालांकि, सना एयरपोर्ट पर कथित हवाई हमले और अभा एयरपोर्ट पर हूती हमले की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। सऊदी अरब की तरफ से भी सना एयरपोर्ट पर हमला करने के आरोप को लेकर तत्काल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया।
सना एयरपोर्ट पर हुए कई धमाके
रिपोर्ट्स के अनुसार, सोमवार को सना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास कई तेज धमाकों की आवाजें सुनी गईं। हूती विद्रोहियों से जुड़े सैटेलाइट चैनल अल-मसीराह ने कथित हमलों और धमाकों के वीडियो भी प्रसारित किए। हूती संगठन का आरोप है कि सऊदी अरब की ओर से एयरपोर्ट और उसके रनवे को निशाना बनाया गया।
दूसरी ओर, यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार से जुड़े अधिकारियों ने दावा किया कि कार्रवाई का उद्देश्य ईरान से आ रहे एक विमान को सना एयरपोर्ट पर उतरने से रोकना था। इस विमान में कथित तौर पर हूती प्रतिनिधिमंडल के सदस्य सवार थे।
हूती प्रतिनिधिमंडल के विमान को रोकने का दावा
यमन की मान्यता प्राप्त सरकार के रक्षा मंत्री जनरल ताहिर अल-अकीली ने कहा कि हूती प्रतिनिधिमंडल को ले जा रहे विमान को रोकने के लिए एयरपोर्ट के रनवे को निशाना बनाया गया था। दावा किया गया कि प्रतिनिधिमंडल ईरान से वापस लौट रहा था।
हूती अधिकारियों का कहना है कि सना एयरपोर्ट की स्थिति को देखते हुए विमान ने अपना रास्ता बदल लिया और बाद में होदेइदाह हवाई अड्डे पर उतरा। फिलहाल सना एयरपोर्ट पर हुए नुकसान या किसी के हताहत होने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
अभा एयरपोर्ट पर जवाबी हमले का दावा
हूती सैन्य प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल याह्या सारी ने बयान जारी कर दावा किया कि उनके संगठन ने सऊदी अरब के अभा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कई बैलिस्टिक मिसाइलों और मानव रहित विमानों यानी ड्रोन से हमला किया।
याह्या सारी ने कहा कि यह कार्रवाई सना इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए कथित हमले के जवाब में की गई। हूती प्रवक्ता ने दावा किया कि सैन्य अभियान अपने निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने में सफल रहा। हालांकि, सऊदी अधिकारियों की ओर से अभा एयरपोर्ट पर नुकसान या हताहतों की कोई पुष्टि नहीं की गई है।
हूती संगठन ने एयरलाइंस को दी चेतावनी
हूती विद्रोहियों ने अंतरराष्ट्रीय विमानन कंपनियों को सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल नहीं करने की चेतावनी भी दी है। संगठन ने कहा कि जब तक सना एयरपोर्ट पर लगी कथित नाकेबंदी नहीं हटाई जाती, तब तक सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र में विमानों के संचालन को लेकर खतरा बना रहेगा।
इस नए घटनाक्रम ने पहले से तनावग्रस्त मध्य पूर्व में व्यापक क्षेत्रीय संघर्ष की आशंका बढ़ा दी है। यमन में वर्षों से जारी संघर्ष के बावजूद हाल के समय में सऊदी अरब और हूती विद्रोहियों के बीच हमलों में कमी आई थी। अब दोनों पक्षों के बीच दोबारा सीधे टकराव के दावों ने क्षेत्रीय सुरक्षा, नागरिक उड्डयन और अंतरराष्ट्रीय व्यापार मार्गों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

