सेलिब्रिटी कपल प्रिंस नरूला और युविका चौधरी पिछले कुछ समय से अपनी शादीशुदा जिंदगी को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए थे। सोशल मीडिया पर दोनों के रिश्ते में दूरी और तलाक तक की खबरें तेजी से वायरल हो रही थीं। अब लंबे समय बाद प्रिंस और युविका ने इन अफवाहों पर खुलकर बात की है और बताया है कि आखिर उनके अलग-अलग रहने की खबरों के पीछे की सच्चाई क्या थी।
नेहा धूपिया और अंगद बेदी के टॉक शो ‘डबल डेट’ में पहुंचे प्रिंस नरूला और युविका चौधरी ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़े कई पहलुओं पर बात की। कपल ने बताया कि उनके रिश्ते को लेकर फैली अफवाहें एक गलतफहमी की वजह से शुरू हुई थीं। प्रिंस नरूला ने बताया कि उस समय वह अपने नए घर के काम में व्यस्त थे। घर का रिनोवेशन चल रहा था, जिसकी वजह से वहां काफी धूल-मिट्टी थी। ऐसे में उन्होंने युविका को कुछ समय के लिए मायके रहने की सलाह दी थी, ताकि उन्हें किसी तरह की एलर्जी या परेशानी न हो।
प्रिंस ने कहा कि वह चाहते थे कि उनका बच्चा नए घर में आए, इसलिए वह घर को जल्द से जल्द तैयार करवाने में लगे हुए थे। इसी दौरान उनके एक व्लॉग में उन्होंने कहा था कि वे फिलहाल साथ नहीं रह रहे हैं। प्रिंस के मुताबिक इस बात को लोगों ने गलत तरीके से समझ लिया और इसे रिश्ते में दरार से जोड़ दिया। देखते ही देखते सोशल मीडिया पर तलाक की अफवाहें फैलने लगीं।
युविका चौधरी ने भी शो में अपनी प्रेग्नेंसी और डिलीवरी के बाद के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि मां बनने के बाद का समय उनके लिए मानसिक और शारीरिक रूप से काफी कठिन था। वजन बढ़ने और शरीर में आए बदलावों की वजह से उनका आत्मविश्वास प्रभावित हुआ था। युविका ने कहा कि पोस्टपार्टम का दौर ऐसा होता है, जब इंसान बाहर की दुनिया से ज्यादा अपने अंदर चल रही लड़ाई से जूझ रहा होता है।
शो के दौरान युविका उस वक्त भावुक हो गईं, जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने इस मुश्किल समय को कैसे संभाला। उन्होंने बताया कि एक तरफ वह खुद पोस्टपार्टम डिप्रेशन जैसे हालात से गुजर रही थीं, वहीं दूसरी तरफ उन्हें प्रिंस की एंग्जायटी को भी संभालना पड़ रहा था। युविका ने कहा कि इस पूरे दौर में उनकी सबसे बड़ी चिंता यही थी कि उनके बच्चे पर इन परेशानियों का कोई असर न पड़े।
प्रिंस और युविका की बातों से साफ है कि दोनों के बीच अलगाव जैसी कोई बात नहीं थी, बल्कि हालात और गलतफहमी की वजह से अफवाहों ने जोर पकड़ लिया। कपल ने माना कि शुरुआत में वे इन चर्चाओं से परेशान हुए, लेकिन बाद में उन्होंने समझा कि हर बात पर सफाई देना जरूरी नहीं होता।

