ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम की स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज बेथ मूनी ने आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में इतिहास रच दिया। इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले गए खिताबी मुकाबले में मूनी ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेलते हुए ऑस्ट्रेलिया को सातवीं बार महिला टी20 वर्ल्ड कप का चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। इस पारी के दौरान उन्होंने भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली का बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।
इंग्लैंड ने फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 150 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने शुरुआत में जॉर्जिया वोल का विकेट गंवा दिया, लेकिन इसके बाद बेथ मूनी और फोएबे लिचफील्ड ने इंग्लैंड के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 100 रनों की साझेदारी करते हुए मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के पक्ष में कर दिया।
मूनी ने 49 गेंदों पर बनाए 64 रन
बेथ मूनी ने फाइनल में 49 गेंदों का सामना करते हुए 64 रनों की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में 10 चौके शामिल रहे। दूसरी ओर, फोएबे लिचफील्ड ने 35 गेंदों पर 48 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया ने 151 रनों का लक्ष्य 17.1 ओवर में तीन विकेट गंवाकर हासिल कर लिया और इंग्लैंड को सात विकेट से पराजित किया। यह महिला टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज भी रहा।
मूनी को उनकी मैच जिताऊ पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इसके साथ ही पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने के कारण उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार भी मिला।
टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में तीसरा अर्धशतक
बेथ मूनी अब पुरुष और महिला टी20 वर्ल्ड कप को मिलाकर फाइनल मुकाबलों में तीन बार 50 या उससे अधिक रन बनाने वाली दुनिया की पहली खिलाड़ी बन गई हैं। इससे पहले विराट कोहली, मार्लन सैमुअल्स और कुमार संगाकारा ने टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में दो-दो बार 50 से ज्यादा रन बनाए थे। मूनी ने तीसरी अर्धशतकीय पारी खेलकर इन सभी दिग्गज खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया।
मूनी ने पहली बार साल 2020 के महिला टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत के खिलाफ नाबाद 78 रन बनाए थे। मेलबर्न में खेली गई उनकी पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराकर खिताब जीता था। इसके बाद 2023 के फाइनल में उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नाबाद 74 रन बनाए थे। अब 2026 के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 64 रन बनाकर उन्होंने लगातार तीसरे टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में अर्धशतक पूरा किया। महिला टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में किसी अन्य खिलाड़ी ने एक से ज्यादा अर्धशतक नहीं लगाए हैं।
ऑस्ट्रेलिया ने जीता सातवां खिताब
बेथ मूनी की इस यादगार पारी की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने महिला टी20 वर्ल्ड कप का अपना सातवां खिताब जीता। टीम पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही और फाइनल में मेजबान इंग्लैंड को भी एकतरफा अंदाज में मात दी। इस प्रदर्शन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बड़े मुकाबलों में बेथ मूनी ऑस्ट्रेलिया की सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में से एक हैं।

