4 Jul 2026, Sat

सुबह ऑफिस की भागदौड़ में फटाफट तैयार करें पनीर भुर्जी सैंडविच, सेव करें रेसिपी

सुबह का नाश्ता स्वादिष्ट और पौष्टिक हो तो दिन की शुरुआत बेहतर तरीके से होती है। लेकिन रोजाना पोहा, पराठा, उपमा या अप्पे खाकर कई लोग बोर हो जाते हैं। ऐसे में नाश्ते में कुछ नया और झटपट तैयार करना चाहते हैं, तो पनीर भुर्जी सैंडविच एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। यह सैंडविच स्वाद से भरपूर होने के साथ आसानी से तैयार हो जाता है।

पनीर में प्रोटीन और कैल्शियम पाया जाता है। इसलिए इससे तैयार सैंडविच बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी के लिए अच्छा नाश्ता माना जाता है। इसे सुबह के नाश्ते के अलावा बच्चों के लंच बॉक्स, ऑफिस टिफिन या शाम की हल्की भूख के दौरान भी खाया जा सकता है। खास बात यह है कि पनीर भुर्जी पहले से तैयार हो तो सैंडविच कुछ ही मिनटों में बन जाता है।

पनीर भुर्जी सैंडविच बनाने की सामग्री

पनीर भुर्जी सैंडविच बनाने के लिए 200 ग्राम पनीर, चार से छह ब्रेड स्लाइस, एक बारीक कटा प्याज, एक बारीक कटा टमाटर, एक हरी मिर्च और थोड़ा बारीक कटा हरा धनिया लें।

मसालों में आधा छोटा चम्मच हल्दी, आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, आधा छोटा चम्मच गरम मसाला और स्वादानुसार नमक चाहिए। सैंडविच को पकाने और सेकने के लिए मक्खन या तेल का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा हरी चटनी और टोमैटो केचप भी रखें।

ऐसे तैयार करें पनीर भुर्जी

सबसे पहले पनीर को हाथों से अच्छी तरह मैश कर लें या कद्दूकस कर लें। इसके बाद एक पैन में एक चम्मच मक्खन या तेल गर्म करें। इसमें बारीक कटी हरी मिर्च और प्याज डालकर हल्का गुलाबी होने तक भूनें।

अब पैन में बारीक कटा टमाटर डालें और नरम होने तक पकाएं। इसके बाद हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला और नमक डालें। मसालों को धीमी आंच पर लगभग आधा मिनट तक भूनें, ताकि उनका स्वाद अच्छी तरह उभर सके।

अब इसमें मैश किया हुआ पनीर डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं। पनीर को मसालों के साथ करीब दो मिनट तक पकाएं। ध्यान रखें कि पनीर को ज्यादा देर तक न पकाएं, वरना वह सूखा और सख्त हो सकता है। आखिर में बारीक कटा हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें।

सैंडविच बनाने का तरीका

ब्रेड की दो स्लाइस लें। एक स्लाइस पर हरी चटनी और दूसरी पर टोमैटो केचप लगाएं। अब एक ब्रेड पर तैयार पनीर भुर्जी की मोटी परत फैलाएं और दूसरी ब्रेड से ढक दें।

तवा या सैंडविच मेकर गर्म करके उस पर थोड़ा मक्खन लगाएं। सैंडविच को धीमी से मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक सेकें। तैयार सैंडविच को बीच से काटकर हरी चटनी, केचप, चाय या कॉफी के साथ गर्मागर्म परोसें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *