4 Jul 2026, Sat

‘नागबंधम’ की ओपनिंग ने बढ़ाई उम्मीदें, नाइट शोज में उमड़ी भीड़, पहले दिन कमाए 3.25 करोड़

विराट कर्ण, नाभा नतेश, ऐश्वर्या मेनन, महेश मांजरेकर और जगपति बाबू अभिनीत माइथोलॉजिकल एक्शन-एडवेंचर फिल्म ‘नागबंधम: द सीक्रेट ट्रेजर’ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। अभिषेक नामा के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर ठीक-ठाक शुरुआत की है। फिल्म की कहानी को दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिल रही है, लेकिन इसके शानदार विजुअल्स, भव्य सेट और एक्शन सीक्वेंस की जमकर तारीफ की जा रही है।

बॉक्स ऑफिस ट्रैकिंग वेबसाइट सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, ‘नागबंधम: द सीक्रेट ट्रेजर’ ने रिलीज के पहले दिन भारत में करीब 3.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। फिल्म ने देशभर में लगभग 3,202 शो के माध्यम से यह कमाई की। पहले दिन इसकी कुल ऑक्यूपेंसी करीब 22 प्रतिशत दर्ज की गई।

भारत में ‘नागबंधम’ का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन

फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन लगभग 3.74 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है। भाषाओं के हिसाब से देखा जाए तो फिल्म के तेलुगु वर्जन ने सबसे ज्यादा कमाई की। तेलुगु भाषा में फिल्म ने करीब 2.90 करोड़ रुपये का कारोबार किया।

इसके अलावा हिंदी वर्जन ने लगभग 20 लाख रुपये, तमिल वर्जन ने 10 लाख रुपये, मलयालम वर्जन ने 3 लाख रुपये और कन्नड़ वर्जन ने करीब 2 लाख रुपये की कमाई की। फिल्म का ज्यादातर कलेक्शन तेलुगु राज्यों से आया है, जहां दर्शकों के बीच इसे लेकर सबसे ज्यादा उत्साह देखने को मिला।

तेलुगु वर्जन में रही सबसे ज्यादा ऑक्यूपेंसी

‘नागबंधम’ के तेलुगु वर्जन की पहले दिन कुल ऑक्यूपेंसी 24.87 प्रतिशत रही। सुबह के शो में फिल्म को 19.46 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी मिली, जो दोपहर के शो में बढ़कर 24.15 प्रतिशत पहुंच गई। शाम के शो में ऑक्यूपेंसी 23.92 प्रतिशत रही, जबकि रात के शो में यह बढ़कर 31.92 प्रतिशत हो गई।

हिंदी वर्जन की कुल ऑक्यूपेंसी 12.53 प्रतिशत, तमिल वर्जन की 10.90 प्रतिशत और कन्नड़ वर्जन की 17.38 प्रतिशत दर्ज की गई। मलयालम वर्जन को दर्शकों से अपेक्षाकृत कम प्रतिक्रिया मिली और इसकी ऑक्यूपेंसी करीब 4.30 प्रतिशत रही।

क्या है ‘नागबंधम’ की कहानी?

‘नागबंधम: द सीक्रेट ट्रेजर’ की कहानी भारतीय पौराणिक कथाओं, प्राचीन रहस्यों और छिपे हुए खजानों से प्रेरित है। फिल्म की कहानी रहस्यमयी और पवित्र ‘ब्रह्म कमलम’ की खोज के आसपास घूमती है।

फिल्म में विराट कर्ण ने रुद्र नाम के युवक का किरदार निभाया है। रुद्र का सामना अब्दाली से होता है, जिसका किरदार ऋषभ साहनी ने निभाया है। अब्दाली अपनी एक खतरनाक इच्छा पूरी करने के लिए ब्रह्म कमलम को हासिल करना चाहता है। इसके बाद दोनों के बीच संघर्ष शुरू होता है।

फिल्म में नाभा नतेश, ऐश्वर्या मेनन, महेश मांजरेकर और जगपति बाबू भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। अब फिल्म की आगे की कमाई दर्शकों की प्रतिक्रिया और वीकेंड पर मिलने वाली ऑक्यूपेंसी पर निर्भर करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *