अक्षय कुमार की मल्टीस्टारर कॉमेडी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन कर रही है। ‘कॉकटेल 2’ और ‘मैं वापस आऊंगा’ जैसी फिल्मों से मिल रही कड़ी टक्कर के बावजूद फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी है। रिलीज के सात दिनों के भीतर ही फिल्म का घरेलू कलेक्शन 87 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है और अब यह 100 करोड़ क्लब में शामिल होने से कुछ ही कदम दूर है।
अहमद खान के निर्देशन में बनी ‘वेलकम टू द जंगल’ ने दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर पहले ही 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 127 करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है। फिल्म की कमाई को देखते हुए माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इसका घरेलू कलेक्शन भी 100 करोड़ रुपये के पार पहुंच सकता है।
सातवें दिन फिल्म ने कमाए 6 करोड़ रुपये
‘वेलकम टू द जंगल’ ने बुधवार को भारतीय बॉक्स ऑफिस पर करीब 6 करोड़ रुपये का कारोबार किया। मंगलवार की तुलना में फिल्म की कमाई में गिरावट जरूर दर्ज की गई, लेकिन वीक डेज को देखते हुए इसे संतोषजनक प्रदर्शन माना जा रहा है।
फिल्म की ऑक्यूपेंसी करीब 13.49 प्रतिशत बताई गई। मेकर्स और ट्रेड जानकारों को उम्मीद है कि आगामी वीकेंड पर फिल्म की कमाई में फिर से उछाल देखने को मिल सकता है। हालांकि, नई फिल्मों की रिलीज से अक्षय कुमार की फिल्म को चुनौती भी मिल सकती है।
आलिया भट्ट और शरवरी वाघ की फिल्म ‘अल्फा’ 3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। इस फिल्म के आने से स्क्रीन और दर्शकों के बंटने की संभावना है, जिसका असर ‘वेलकम टू द जंगल’ के कारोबार पर पड़ सकता है।
ऐसा रहा ‘वेलकम टू द जंगल’ का डे-वाइज कलेक्शन
फिल्म ने पेड प्रीव्यू के दौरान 3.75 करोड़ रुपये की कमाई की थी। इसके बाद रिलीज के पहले दिन फिल्म ने 15.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया। दूसरे दिन इसकी कमाई बढ़कर 20 करोड़ रुपये हो गई, जबकि तीसरे दिन फिल्म ने शानदार उछाल के साथ 24.75 करोड़ रुपये कमाए।
पहले सोमवार यानी चौथे दिन फिल्म की कमाई गिरकर 8.50 करोड़ रुपये रह गई। हालांकि, मंगलवार को फिल्म ने थोड़ी बढ़त दर्ज करते हुए 9.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। बुधवार को फिल्म ने करीब 6 करोड़ रुपये कमाए। इस तरह फिल्म का कुल घरेलू बॉक्स ऑफिस कलेक्शन लगभग 87.50 करोड़ रुपये पहुंच गया है।
सितारों से सजी है फिल्म की कास्ट
‘वेलकम टू द जंगल’ सुपरहिट ‘वेलकम’ फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म है। यह फिल्म 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म में अक्षय कुमार मुख्य भूमिका में हैं। उनके साथ सुनील शेट्टी, रवीना टंडन, परेश रावल, लारा दत्ता, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिस, जैकी श्रॉफ, अरशद वारसी और श्रेयस तलपड़े जैसे कलाकार नजर आए हैं।
फिल्म में राजपाल यादव, कृष्णा अभिषेक, जॉनी लीवर, फरीदा जलाल, आफताब शिवदसानी, दलेर मेहंदी, मुकेश तिवारी और जाकिर हुसैन भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्माण फिरोज ए. नाडियाडवाला, वेदांत विकास बाली और राकेश डांग ने किया है। अब दर्शकों और ट्रेड की नजर इस बात पर है कि फिल्म घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा कितनी जल्दी पार करती है।

