राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता विक्रांत मैसी ने अभिनय के बाद अब फिल्म और वेब सीरीज निर्माण की दुनिया में कदम रख दिया है। अभिनेता ने अपने नए प्रोडक्शन हाउस ‘होममेड स्टोरीज’ की आधिकारिक घोषणा की है। इस बैनर की पहली पेशकश रोमांटिक ड्रामा सीरीज ‘मुसाफिर कैफे’ होगी, जो 24 जुलाई 2026 को ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज की जाएगी।
नेटफ्लिक्स ने सीरीज की रिलीज डेट के साथ इसका नया टीजर भी जारी किया है। ‘मुसाफिर कैफे’ में विक्रांत मैसी के साथ वेदिका पिंटो और महिमा मकवाना मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगी। टीजर में पहाड़ों, कैफे, रिश्तों और तीन किरदारों की भावनात्मक यात्रा की झलक दिखाई गई है। यह कहानी प्रेम, बिछड़ने, दूसरे अवसर और खुद को तलाशने जैसे विषयों के इर्द-गिर्द घूमती नजर आती है।
तीन अनजान लोगों की कहानी
‘मुसाफिर कैफे’ की कहानी भोपाल और मसूरी की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इसमें तीन ऐसे लोगों की जिंदगी दिखाई जाएगी, जिनके रास्ते अचानक एक-दूसरे से टकराते हैं। विक्रांत मैसी सीरीज में चंदर मोहन शर्मा की भूमिका निभा रहे हैं, जो एक ऐसी जिंदगी की तलाश में है जिसे वह वास्तव में अपना कह सके। वेदिका पिंटो सुधा का किरदार निभा रही हैं, जो अपने भविष्य से जुड़े फैसले स्वयं लेना चाहती है। वहीं, महिमा मकवाना प्रीति की भूमिका में दिखाई देंगी, जिसकी संवेदनशीलता और शांत स्वभाव कहानी में अहम भूमिका निभाते हैं।
नेटफ्लिक्स के आधिकारिक विवरण के अनुसार चंदर और सुधा के बीच गहरा आकर्षण पैदा होता है, लेकिन परिस्थितियां उन्हें अलग कर देती हैं। इस अधूरी प्रेम कहानी के बाद चंदर का सफर उसे मुसाफिर कैफे और फिर प्रीति तक पहुंचाता है। इसके बाद कहानी रिश्तों, चुनावों और समय के साथ बदलती भावनाओं की पड़ताल करती है।
उपन्यास पर आधारित है सीरीज
‘मुसाफिर कैफे’ लेखक दिव्य प्रकाश दुबे के लोकप्रिय उपन्यास पर आधारित है। सीरीज का निर्माण टेरिबली टाइनी टेल्स के साथ विक्रांत मैसी के प्रोडक्शन हाउस होममेड स्टोरीज ने किया है। इसे शरण्या राजगोपाल ने लिखा और तैयार किया है, जबकि रुचिर अरुण ने इसका निर्देशन किया है। सीरीज में आदिल हुसैन, राजीव सिद्धार्थ, अनुभा फतेहपुरिया, लवलीन मिश्रा और सादिया सिद्दीकी भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
सॉफ्ट और भावनात्मक कहानी के साथ शुरुआत
ऐसे समय में जब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर क्राइम, एक्शन और थ्रिलर कहानियों का दबदबा है, विक्रांत मैसी ने निर्माता के रूप में अपनी शुरुआत एक शांत और भावनात्मक प्रेम कहानी से करने का फैसला किया है। टीजर से संकेत मिलता है कि सीरीज में भव्य एक्शन के बजाय किरदारों की भावनाओं, उनके रिश्तों और जीवन के छोटे लेकिन महत्वपूर्ण पलों पर जोर दिया जाएगा।
विक्रांत मैसी अपने अभिनय करियर में भी कंटेंट आधारित फिल्मों और संवेदनशील किरदारों के लिए पहचाने जाते रहे हैं। अब ‘होममेड स्टोरीज’ के माध्यम से वह ऐसी कहानियों को पर्दे पर लाने की तैयारी में हैं, जिनमें सादगी, अपनापन और मानवीय भावनाएं प्रमुख हों। ‘मुसाफिर कैफे’ 24 जुलाई से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।

