रियलिटी शो ‘लॉक अप: सच या सजा सीजन 2’ इन दिनों अपने कंटेस्टेंट्स के विवादों और तीखी नोकझोंक के कारण लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। शो के हालिया एपिसोड में टीवी अभिनेता राम कपूर और होस्ट फराह खान के बीच जोरदार बहस देखने को मिली। फराह खान ने राम कपूर के खेल और उनके व्यवहार पर सवाल उठाए, लेकिन अभिनेता ने उनकी सलाह मानने और खुद को बदलने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई।
राम कपूर इस सीजन के सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाले कंटेस्टेंट्स में शामिल हैं। शो में आने के बाद से ही वह अपनी बातों, मजाकिया अंदाज और व्यवहार के कारण दर्शकों का ध्यान खींच रहे हैं। जहां कुछ लोग उनके बेबाक अंदाज को पसंद कर रहे हैं, वहीं सोशल मीडिया पर कई यूजर्स उन्हें ट्रोल भी कर रहे हैं। अब शो के निर्माताओं द्वारा जारी किए गए नए प्रोमो में फराह खान राम कपूर के रवैये से नाराज दिखाई दे रही हैं।
प्रोमो में फराह खान, राम कपूर के खिलाफ दाखिल की गई चार्जशीट पर चर्चा करते हुए उनके गेम पर सवाल उठाती हैं। बातचीत के दौरान फराह ने कहा कि राम कपूर आमतौर पर जिन भी कार्यक्रमों में काम करते हैं, उनमें मुख्य भूमिका निभाते हैं, लेकिन ‘लॉक अप 2’ में आने के बाद वह बैकग्राउंड एक्टर की तरह नजर आ रहे हैं।
फराह ने राम से कहा, “आप जो भी शो करते हैं, उसमें लीड रोल निभाते हैं और यहां आने के बाद आप बैकग्राउंड एक्टर बन गए हैं। जैसा मैं देख पा रही हूं, मुझे ऐसा राम नहीं चाहिए। यह मजाकिया नहीं है और मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।”
फराह खान की बात के दौरान राम कपूर ने हाथ उठाकर उन्हें रोकने की कोशिश की। इससे फराह और ज्यादा नाराज हो गईं। हालांकि, उन्होंने राम को समझाने की कोशिश जारी रखी और कहा कि वह केवल उनके खेल को बेहतर बनाने में सहायता करना चाहती हैं। फराह ने कहा कि शो में राम जिस तरह के भाषण दे रहे हैं और जैसा व्यवहार कर रहे हैं, वास्तविक जीवन में वह वैसे नहीं हैं।
फराह की सलाह पर राम कपूर ने मजाकिया अंदाज में “हां मैम” कहा। बाद में उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “तो निकाल दो। मैं बदलने वाला नहीं हूं। मैं जैसा हूं, वैसा ही रहूंगा।” राम का यह जवाब सुनकर फराह खान ने उन पर निशाना साधते हुए कहा, “जो लोग बदलते नहीं हैं, वे डायनासोर बन जाते हैं।”
राम कपूर ने भी तुरंत जवाब देते हुए कहा कि वह डायनासोर बन जाएंगे, लेकिन खुद को नहीं बदलेंगे। बातचीत के अंत में फराह खान ने कहा कि राम की चार्जशीट में उन्हें एक जिद्दी व्यक्ति बताया जाना चाहिए।
राम कपूर और फराह खान की यह बहस सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बन गई है। अब दर्शकों की नजर इस बात पर है कि फराह की नाराजगी के बाद राम कपूर अपने खेल और व्यवहार में कोई बदलाव करते हैं या अपने पुराने अंदाज में ही आगे बढ़ते हैं।

