बॉलीवुड अभिनेता Emraan Hashmi एक बार फिर अपने पुराने रोमांटिक और इंटेंस अवतार में बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म Awarapan 2 का टीजर आखिरकार रिलीज कर दिया गया है। साल 2007 में रिलीज हुई कल्ट क्लासिक फिल्म Awarapan के सीक्वल का फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे थे और अब टीजर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
फिल्म की घोषणा के बाद से ही दर्शकों के बीच इसका खासा क्रेज था। वहीं, फिल्म में अभिनेत्री Disha Patani की एंट्री ने प्रशंसकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया था। अब रिलीज हुए टीजर ने फैंस की उम्मीदों को और मजबूत कर दिया है।
दमदार डायलॉग ने जीता दिल
टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर फिल्म के एक डायलॉग की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है। टीजर के अंत में इमरान हाशमी कहते हैं, “इस बार या तो आवारापन खत्म होगा या मैं।” यह संवाद फैंस को बेहद पसंद आ रहा है और इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इमरान के फैंस का मानना है कि अभिनेता एक बार फिर उसी इमोशनल और एक्शन अवतार में नजर आने वाले हैं, जिसने पहली फिल्म को एक कल्ट स्टेटस दिलाया था।
कहानी की झलक ने बढ़ाई उत्सुकता
रिलीज हुए टीजर को देखकर ऐसा संकेत मिलता है कि फिल्म की कहानी वहीं से आगे बढ़ेगी, जहां पहला भाग खत्म हुआ था। टीजर की शुरुआत इमरान हाशमी की धुंधली झलक से होती है। इसके बाद अभिनेता को खूबसूरत प्राकृतिक दृश्यों के बीच बाइक चलाते हुए दिखाया गया है।
बैकग्राउंड में इमरान की आवाज सुनाई देती है, “कुछ लोगों की कहानियां उनकी मर्जी से खत्म नहीं होती, उनकी कहानी दूसरे लिखते हैं।” इसके बाद उन्हें आलिया हामिद की कब्र पर गुलाब चढ़ाते हुए दिखाया जाता है, जिससे साफ संकेत मिलता है कि पहली फिल्म के कई भावनात्मक पहलुओं को इस सीक्वल में भी बरकरार रखा जाएगा।
टीजर में आगे इमरान को बौद्ध लामाओं के बीच दिखाया गया है, जहां उनके उपचार का दृश्य नजर आता है। इसके बाद उनकी आवाज आती है, “मौत भी अजीब है, उसने मुझे छुआ, लेकिन अपनाया नहीं।”
फिल्म की कहानी इसके बाद अंतरराष्ट्रीय लोकेशनों तक पहुंचती दिखाई देती है, जहां इमरान एक रिंग फाइट में हिस्सा लेते नजर आते हैं। एक्शन, भावनाओं और रहस्य से भरपूर यह टीजर दर्शकों के बीच काफी चर्चा में है।
शबाना आजमी और दिशा पाटनी की झलक
टीजर में दिग्गज अभिनेत्री Shabana Azmi की दमदार एंट्री भी दिखाई गई है। वहीं, Disha Patani भी प्रभावशाली अंदाज में नजर आ रही हैं। दोनों कलाकारों की मौजूदगी ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
नए निर्देशक, नई कहानी
जहां पहली फिल्म का निर्देशन Mohit Suri ने किया था, वहीं इस बार फिल्म का निर्देशन Nitin Kakkar कर रहे हैं। हालांकि, टीजर देखकर ऐसा महसूस होता है कि फिल्म में पहली ‘आवारापन’ की भावनात्मक गहराई और डार्क टोन को बरकरार रखने की कोशिश की गई है।
फिलहाल, टीजर को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है और सोशल मीडिया पर इमरान हाशमी की वापसी को लेकर जबरदस्त चर्चा हो रही है। अब फैंस को फिल्म के ट्रेलर और रिलीज डेट का बेसब्री से इंतजार है।

