27 Jun 2026, Sat

‘भारतीय हमेशा मदद को तैयार रहते हैं..’ भारत में फंसी अमेरिकी महिला की अजनबी ने की मदद, शेयर किया Video

भारत में एक अमेरिकी महिला के साथ हुई दिल छू लेने वाली घटना इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रही है। अमेरिकी ट्रैवलर सिएरा लिलियन ने एक वीडियो साझा कर भारत में मिले एक अजनबी की दयालुता और मदद की सराहना की है। महिला का कहना है कि भारत में लोगों ने जिस तरह उसकी मदद की, वैसी उदारता और अपनापन उसने अपने जीवन में पहले कभी महसूस नहीं किया।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो का शीर्षक है, “दिल्ली में अकेली फंसी हुई थी, भारतीय लोगों की दयालुता ने बचाया।” वीडियो को इंस्टाग्राम पर सिएरा लिलियन ने अपने अकाउंट sierraliliann से शेयर किया है। वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लाखों लोग इसे देख चुके हैं।

खराब हो गई बस, फिर खत्म हो गई फोन की बैटरी

वीडियो में सिएरा लिलियन ने बताया कि उन्होंने दिल्ली से ऋषिकेश जाने के लिए एक स्लीपर बस बुक की थी। लेकिन यात्रा के दौरान बस दो बार खराब हो गई, जिसके कारण उन्हें आगे का सफर तय करने के लिए टैक्सी बुक करनी पड़ी।

महिला ने बताया कि जब वह उबर कैब का इंतजार कर रही थीं, तभी उनके फोन की बैटरी पूरी तरह खत्म हो गई। अनजान जगह पर अकेले होने और फोन बंद हो जाने से वह बेहद घबरा गईं। उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि आगे क्या करें।

सिएरा ने कहा, “मैं पूरी तरह घबरा गई थी। मैं जमीन पर बैठ गई थी क्योंकि मुझे समझ नहीं आ रहा था कि अब क्या करूं। तभी अचानक एक व्यक्ति मेरे पास आया और उसने पूछा कि क्या मैं उसके ऑफिस में बैठना चाहती हूं।”

अजनबी ने की हर संभव मदद

महिला के अनुसार, वह व्यक्ति उन्हें अपने ऑफिस ले गया, जहां उसने उन्हें बैठने की जगह दी और चाय भी पिलाई। इतना ही नहीं, उसने सिएरा को अपना फोन चार्ज करने की अनुमति दी और फोन चालू होने के बाद उबर ड्राइवर से बात करके रास्ता समझाने में भी मदद की।

कैब का इंतजार करते समय उस व्यक्ति ने सिएरा को अपनी गायें दिखाने का प्रस्ताव दिया, जिसे उन्होंने खुशी-खुशी स्वीकार कर लिया। इसके बाद वह उन्हें पास के एक शेड में ले गया, जहां कुछ घंटे पहले ही एक बछड़े का जन्म हुआ था।

सिएरा ने बताया कि बाद में उस व्यक्ति ने उन्हें अपने मंदिर और पौधशाला भी दिखाई। उन्होंने कहा, “वह हनुमान जी का मंदिर था और उस समय मेरा दिल प्रेम और कृतज्ञता से भर गया था।”

ऑफिस लौटने के बाद उस व्यक्ति ने सिएरा को घर में बनी छाछ की एक बोतल दी और उनकी टैक्सी आने तक उनके साथ रहा।

‘भारत दुनिया की सबसे अच्छी जगह है’

अपने अनुभव को साझा करते हुए सिएरा ने कहा, “जब लोग मुझसे पूछते हैं कि क्या मुझे भारत आने से डर लगता है, तो मुझे हंसी आती है। मैंने अपने पूरे जीवन में इतनी दयालुता और उदारता कहीं नहीं देखी जितनी भारत में देखी है। यहां के लोग हमेशा मदद करने के लिए तैयार रहते हैं और आपको अपने परिवार का हिस्सा मानते हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि भारत उनके लिए दुनिया की सबसे अच्छी जगहों में से एक है।

सोशल मीडिया पर लोगों ने की तारीफ

वीडियो को अब तक 1.73 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है और इस पर सैकड़ों प्रतिक्रियाएं आ चुकी हैं। सोशल मीडिया यूजर्स ने भी भारतीयों की मेहमाननवाजी और मददगार स्वभाव की सराहना की है।

एक यूजर ने लिखा, “यह मेरे भारत के अनुभव से पूरी तरह मेल खाता है। यहां के लोग बेहद दयालु और मददगार हैं।” वहीं, दूसरे यूजर ने कहा, “ज्यादातर मामलों में भारत ऐसा ही है और यही इसकी खूबसूरती है।”

यह वीडियो एक बार फिर साबित करता है कि भारतीय संस्कृति में अतिथि सत्कार और इंसानियत आज भी गहराई से रची-बसी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *