26 Jun 2026, Fri

क्या यूरिक एसिड में आम खा सकते हैं या नहीं? डॉक्टर से जानें

नई दिल्ली: गर्मियों का मौसम आते ही बाजारों में आम की बहार आ जाती है। स्वाद और पोषण से भरपूर आम को फलों का राजा कहा जाता है और शायद ही कोई ऐसा हो जिसे इसका स्वाद पसंद न हो। उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक, हर घर में आम किसी न किसी रूप में जरूर खाया जाता है। लेकिन जिन लोगों को हाई यूरिक एसिड या गाउट की समस्या होती है, उनके मन में अक्सर एक सवाल उठता है कि क्या उन्हें आम खाना चाहिए या नहीं।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, यूरिक एसिड के मरीज आम खा सकते हैं, लेकिन इसकी मात्रा पर विशेष ध्यान देना बेहद जरूरी है। अधिक मात्रा में आम का सेवन कुछ लोगों में यूरिक एसिड के स्तर को प्रभावित कर सकता है।

क्या कहते हैं विशेषज्ञ?

नई दिल्ली स्थित यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के सीनियर डायरेक्टर, इंटरनल मेडिसिन एवं डायबिटीज़, डॉ. अनिल गोम्बर के अनुसार, हाई यूरिक एसिड होने पर आम पूरी तरह से प्रतिबंधित नहीं है। आम में प्यूरीन की मात्रा बहुत कम होती है, इसलिए यह सीधे तौर पर यूरिक एसिड को नहीं बढ़ाता।

हालांकि, आम में प्राकृतिक शर्करा यानी फ्रुक्टोज मौजूद होता है। अगर इसका सेवन अधिक मात्रा में किया जाए, तो यह शरीर में यूरिक एसिड के स्तर को बढ़ाने का कारण बन सकता है। इसलिए यूरिक एसिड के मरीजों को आम का सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए।

डॉ. गोम्बर का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति का यूरिक एसिड नियंत्रित है और उसे बार-बार गाउट के अटैक नहीं आते हैं, तो वह सप्ताह में दो से तीन बार एक छोटा आम या लगभग एक कप कटे हुए आम के टुकड़े खा सकता है।

कितनी मात्रा में खाएं आम?

विशेषज्ञों के मुताबिक, यूरिक एसिड के मरीजों के लिए दिनभर में आधा कप कटे हुए आम के टुकड़े या एक छोटा आम खाना सुरक्षित माना जाता है। एक बार में अधिक मात्रा में आम खाने से बचना चाहिए।

यदि आपको बार-बार जोड़ों में दर्द, सूजन या गाउट के अटैक आते हैं, तो आम खाने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें।

मैंगो शेक और जूस से करें परहेज

डॉक्टरों का कहना है कि आम को सीधे फल के रूप में खाना ज्यादा फायदेमंद होता है। इससे शरीर को फाइबर भी मिलता है, जो पाचन को बेहतर बनाने में मदद करता है।

वहीं, मैंगो शेक, स्मूदी या पैकेज्ड मैंगो जूस का सेवन करने से बचना चाहिए। इन उत्पादों में अतिरिक्त चीनी मिलाई जाती है, जो यूरिक एसिड के स्तर को तेजी से बढ़ा सकती है।

कच्चे आम का सेवन भी सीमित करें

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, हाई यूरिक एसिड के मरीजों को कच्चे आम और कच्चे आम से बने पेय पदार्थ, जैसे आम पन्ना, का सेवन भी सीमित मात्रा में करना चाहिए। कुछ लोगों में यह जोड़ों की समस्या और वात संबंधी परेशानियों को बढ़ा सकता है।

पानी पीना है बेहद जरूरी

यदि आप आम का सेवन कर रहे हैं, तो पर्याप्त मात्रा में पानी पीना भी जरूरी है। अधिक पानी पीने से शरीर में मौजूद यूरिक एसिड किडनी के जरिए बाहर निकलने में मदद मिलती है। इससे यूरिक एसिड के क्रिस्टल बनने की संभावना कम हो जाती है।

संतुलित आहार है सबसे जरूरी

विशेषज्ञों का मानना है कि यूरिक एसिड को नियंत्रित रखने के लिए केवल आम ही नहीं, बल्कि पूरे खानपान पर ध्यान देना आवश्यक है। संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त पानी और डॉक्टर की सलाह का पालन करके यूरिक एसिड को नियंत्रित रखा जा सकता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *