Gautam Adani ने अदाणी एंटरप्राइजेज की 34वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) में समूह की भविष्य की विकास रणनीति का विस्तृत खाका पेश करते हुए आने वाले पांच वर्षों के लिए कई बड़े निवेशों और परियोजनाओं की घोषणा की। पावर, पोर्ट, एयरपोर्ट, ग्रीन एनर्जी, डेटा सेंटर और न्यूक्लियर एनर्जी जैसे क्षेत्रों में बड़े विस्तार की योजना का खुलासा करते हुए गौतम अदाणी ने कहा कि अदाणी ग्रुप भारत के बुनियादी ढांचे और ऊर्जा क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छूने के लिए तैयार है।
पावर सेक्टर में 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश
AGM के दौरान गौतम अदाणी ने बताया कि समूह भारत के इतिहास का सबसे बड़ा निजी क्षेत्र का पावर कैपेक्स प्रोग्राम लागू कर रहा है। इसके तहत अगले पांच वर्षों में 55 गीगावॉट उत्पादन क्षमता हासिल करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जाएगा। इसके अलावा, Adani Energy Solutions की ट्रांसमिशन ऑर्डर बुक बढ़कर 72,000 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है।
पोर्ट कारोबार में नया रिकॉर्ड
पोर्ट कारोबार में भी अदाणी ग्रुप ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। गौतम अदाणी के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में Adani Ports and Special Economic Zone ने 500 मिलियन टन से अधिक कार्गो हैंडल किया, जो भारतीय पोर्ट सेक्टर में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। समूह ने वर्ष 2030 तक 1 बिलियन टन कार्गो हैंडलिंग क्षमता का लक्ष्य भी निर्धारित किया है।
न्यूक्लियर एनर्जी सेक्टर में एंट्री
गौतम अदाणी ने एक बड़े ऐलान में बताया कि समूह अब परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में भी प्रवेश करने जा रहा है। Adani Atomic Energy के माध्यम से कंपनी वर्ष 2035 तक 10 गीगावॉट परमाणु ऊर्जा क्षमता विकसित करने का लक्ष्य लेकर चल रही है। इसके लिए उपयुक्त जमीन की पहचान भी की जा चुकी है।
गैस, एयरपोर्ट और ग्रीन एनर्जी पर फोकस
Adani Total Gas ने 11 लाख से अधिक PNG कनेक्शन का आंकड़ा पार कर लिया है। वहीं, एयरपोर्ट कारोबार में Navi Mumbai International Airport और Lokpriya Gopinath Bordoloi International Airport के नए इंटीग्रेटेड टर्मिनल भी प्रमुख उपलब्धियों में शामिल रहे।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समूह ने Druk Green Power Corporation के साथ साझेदारी कर भूटान में 5,000 मेगावाट हाइड्रो पावर परियोजनाओं के विकास की योजना बनाई है।
वित्तीय प्रदर्शन भी रहा मजबूत
गौतम अदाणी ने AGM में समूह के मजबूत वित्तीय प्रदर्शन की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समूह का कुल पोर्टफोलियो राजस्व 2.92 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जबकि EBITDA 94,834 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर रहा। कर पश्चात लाभ (PAT) बढ़कर 46,376 करोड़ रुपये हो गया और कुल कैश फ्लो 67,995 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
डेटा सेंटर और डिफेंस सेक्टर में भी विस्तार
गौतम अदाणी ने बताया कि समूह वर्ष 2030 तक 3 गीगावॉट क्षमता वाला डेटा सेंटर प्लेटफॉर्म विकसित करने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है। इसके अलावा, डिफेंस सेक्टर में समूह के ड्रोन, एंटी-ड्रोन सिस्टम, मिसाइल और गोला-बारूद ने देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
AGM के दौरान गौतम अदाणी ने कहा कि भारत का भविष्य इंतजार नहीं कर सकता और अदाणी ग्रुप देश की विकास यात्रा को गति देने के लिए बड़े पैमाने पर निवेश जारी रखेगा।

