17 Jun 2026, Wed

एक ही कहानी और 26 बार रीमेक, IMDb पर मिली 7.7 रेटिंग, ‘परफेटी स्कोनोसियुटी’ पर अक्षय कुमार ने भी बना डाली फिल्म

मुंबई: बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार की फिल्म ‘खेल खेल में’ भले ही बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी, लेकिन इसकी कहानी को दर्शकों और समीक्षकों से काफी सराहना मिली थी। हालांकि बहुत कम लोग जानते हैं कि यह फिल्म एक ऐसी इटैलियन फिल्म का रीमेक थी, जिसने विश्व सिनेमा में एक अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम किया है। इस फिल्म का नाम है ‘परफेट्टी स्कोनोसियुटी’ (Perfetti Sconosciuti), जिसे अंग्रेजी में ‘Perfect Strangers’ के नाम से भी जाना जाता है।

साल 2016 में रिलीज हुई इस इटैलियन ड्रामा-कॉमेडी फिल्म ने अपनी अनोखी कहानी और दमदार पटकथा के दम पर दुनियाभर के फिल्म निर्माताओं का ध्यान खींचा। यही वजह है कि रिलीज के महज आठ वर्षों के भीतर इस फिल्म के 26 आधिकारिक और अनौपचारिक रीमेक बन चुके हैं। इस उपलब्धि के चलते गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने इसे दुनिया की सबसे ज्यादा रीमेक बनाई गई फिल्म का दर्जा दिया है।

फिल्म को IMDb पर 7.7 की शानदार रेटिंग मिली हुई है, जो इसकी लोकप्रियता और गुणवत्ता को दर्शाती है। ‘परफेट्टी स्कोनोसियुटी’ का प्रभाव इतना व्यापक रहा कि इसे फ्रेंच, कोरियन, चीनी, रूसी, जर्मन, अरबी, रोमानियाई और कई अन्य भाषाओं में रीमेक किया गया। फ्रेंच संस्करण ‘Nothing to Hide’, कोरियन फिल्म ‘Intimate Strangers’, चीनी फिल्म ‘Kill Mobile’ और रूसी फिल्म ‘Loud Connection’ इसके सबसे चर्चित रूपांतरणों में शामिल हैं।

भारत में भी इस फिल्म की कहानी ने फिल्मकारों को काफी प्रभावित किया। अक्षय कुमार की ‘खेल खेल में’ इसी कहानी का हिंदी रूपांतरण है। इसके अलावा कन्नड़ फिल्म ‘Loudspeaker’ इसका आधिकारिक रीमेक मानी जाती है, जबकि मलयालम फिल्म ’12th Man’ और तेलुगु फिल्म ‘Ravanasura’ से पहले आई ‘Richie Gadi Pelli’ को भी इसी कहानी से प्रेरित माना गया है।

फिल्म की कहानी बेहद दिलचस्प और वास्तविक जीवन से जुड़ी हुई है। कहानी कुछ दोस्तों और उनके जीवनसाथियों के एक डिनर पार्टी में मिलने से शुरू होती है। बातचीत के दौरान एक व्यक्ति यह दावा करता है कि किसी भी रिश्ते की असली परीक्षा तब होती है जब पार्टनर एक-दूसरे के मोबाइल फोन की पूरी जानकारी साझा करें। इसी बात को परखने के लिए सभी लोग अपने मोबाइल फोन टेबल पर रख देते हैं और तय करते हैं कि जो भी कॉल, मैसेज या नोटिफिकेशन आएगा, उसे सबके सामने पढ़ा जाएगा।

इसके बाद जो रहस्य सामने आते हैं, वे न सिर्फ रिश्तों की सच्चाई उजागर करते हैं बल्कि दोस्ती, विश्वास और निजी जीवन की जटिलताओं को भी सामने लाते हैं। यही अनोखा कॉन्सेप्ट इस फिल्म को दुनिया भर में लोकप्रिय बनाने में सफल रहा।

दिलचस्प बात यह है कि इतनी सफलता और लोकप्रियता के बावजूद इस फिल्म का अब तक कोई हॉलीवुड रीमेक नहीं बन पाया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इसके अंग्रेजी रीमेक के अधिकार 2017 में द वाइंस्टीन कंपनी ने खरीदे थे, लेकिन कंपनी के कानूनी और वित्तीय संकटों के कारण यह प्रोजेक्ट कभी आगे नहीं बढ़ सका।

आज भी ‘परफेट्टी स्कोनोसियुटी’ विश्व सिनेमा की सबसे प्रभावशाली फिल्मों में गिनी जाती है और इसका रिकॉर्ड फिल्म इतिहास में एक अनोखी उपलब्धि के रूप में दर्ज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *