9 Jun 2026, Tue

IND vs AFG Live Score: अफगानिस्तान 152 रन पर ऑलआउट, भारत ने दिया फॉलोआन

मुल्लांपुर: भारत और अफगानिस्तान के बीच न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच में भारतीय टीम ने पूरी तरह अपना दबदबा कायम कर लिया है। मैच के तीसरे दिन अफगानिस्तान की पहली पारी 152 रन पर सिमट गई, जिसके बाद भारत ने 412 रनों की विशाल बढ़त हासिल करते हुए विपक्षी टीम को फॉलोऑन दे दिया। इस मुकाबले के सबसे बड़े नायक युवा स्पिनर मानव सुथार रहे, जिन्होंने अपने डेब्यू टेस्ट मैच में ही छह विकेट लेकर इतिहास रच दिया।

भारतीय टीम ने दूसरी दिन का खेल समाप्त होने तक अफगानिस्तान को काफी दबाव में ला दिया था। अफगानिस्तान ने दिन का अंत पांच विकेट पर 113 रन के स्कोर के साथ किया था। तीसरे दिन टीम से वापसी की उम्मीद थी, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बाकी पांच विकेट महज 39 रन के भीतर समेट दिए।

मानव सुथार ने डेब्यू टेस्ट को बनाया यादगार

युवा स्पिनर मानव सुथार के लिए यह मुकाबला किसी सपने से कम नहीं रहा। अपने पहले ही टेस्ट मैच में उन्होंने अफगानिस्तान के बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस कर दिया। सुथार ने 22 ओवर की गेंदबाजी में केवल 33 रन देकर छह विकेट हासिल किए और भारत की ओर से सबसे सफल गेंदबाज रहे।

उन्होंने मैच की शुरुआत से ही शानदार लाइन और लेंथ बनाए रखी। उनकी घूमती हुई गेंदों ने अफगान बल्लेबाजों को लगातार परेशान किया। सुथार ने अब्दुल मलिक, रहमानुल्लाह गुरबाज, अफसर जजई, शराफुद्दीन अशरफ, मोहम्मद सलीम सैफी और रहमत शाह जैसे महत्वपूर्ण बल्लेबाजों को आउट कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

रहमत शाह ने दिखाया संघर्ष

अफगानिस्तान की ओर से सबसे ज्यादा रन रहमत शाह के बल्ले से निकले। उन्होंने 135 गेंदों का सामना करते हुए 60 रन बनाए और एक छोर पर टिके रहने की कोशिश की। अपनी पारी में उन्होंने नौ चौके और एक छक्का लगाया। हालांकि उन्हें दूसरे छोर से कोई खास सहयोग नहीं मिला, जिसके कारण टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी।

कप्तान हश्मतुल्लाह शाहिदी ने भी कुछ समय तक संघर्ष किया, लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा ने उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट कर भारत को अहम सफलता दिलाई।

भारत की बल्लेबाजी रही शानदार

इससे पहले भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 564 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। कप्तान शुभमन गिल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 126 रन बनाए, जबकि केएल राहुल ने भी बेहतरीन शतक जड़ा। दोनों बल्लेबाजों ने टीम को मजबूत शुरुआत दी और अफगानिस्तान के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा।

इसके अलावा ऋषभ पंत ने 81 रन की आक्रामक पारी खेली, जबकि वॉशिंगटन सुंदर ने नाबाद 52 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। सुंदर का अर्धशतक पूरा होते ही कप्तान गिल ने 8 विकेट पर 564 रन के स्कोर पर पारी घोषित कर दी।

भारत की जीत की ओर मजबूत कदम

412 रन की विशाल बढ़त हासिल करने के बाद भारत ने अफगानिस्तान को फॉलोऑन देकर मैच पर अपनी पकड़ और मजबूत कर ली है। भारतीय गेंदबाज शानदार लय में नजर आ रहे हैं और अफगानिस्तान पर हार का खतरा मंडरा रहा है।

अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि अफगानिस्तान दूसरी पारी में कितना संघर्ष कर पाता है। वहीं भारतीय टीम इस मैच को जल्द समाप्त कर एक बड़ी जीत दर्ज करने की कोशिश करेगी। मानव सुथार का ऐतिहासिक प्रदर्शन इस मुकाबले की सबसे बड़ी चर्चा बन चुका है और क्रिकेट प्रशंसक उनके अगले प्रदर्शन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *