28 May 2026, Thu

बकरीद को लेकर किले में तब्दील हुआ नूंह, हाई अलर्ट पर है पुलिस, 320 से अधिक मस्जिदों पर सुरक्षाकर्मी तैनात

हरियाणा के नूंह जिले में आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। किसी भी प्रकार की अप्रिय या हिंसात्मक घटना को रोकने और जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक स्तर पर सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। जिला पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है और पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।

पुलिस प्रशासन के अनुसार जिले की 320 से अधिक मस्जिदों के आसपास सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि नमाज के दौरान और उसके बाद किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। इसके साथ ही प्रमुख चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल और प्लाटून भी तैनात किए गए हैं।

650 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात, साइबर टीम भी एक्टिव

नूंह पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अर्पित जैन के निर्देश पर करीब 650 पुलिसकर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। इनमें सीआईए और अन्य विशेष इकाइयों की टीमें भी शामिल हैं, जो सिविल ड्रेस में लगातार गश्त और निगरानी कर रही हैं।

इसके अलावा पुलिस की साइबर टीम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी कड़ी नजर बनाए हुए है, ताकि किसी भी तरह की अफवाह या भड़काऊ सामग्री को समय रहते रोका जा सके।

सोशल मीडिया पर सख्त निगरानी, अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई

एसपी अर्पित जैन ने स्पष्ट किया है कि जिले में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने, अफवाह फैलाने या भड़काऊ पोस्ट शेयर करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कुछ संदिग्ध सोशल मीडिया अकाउंट्स की पहचान भी की है और उनके खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

प्रशासन ने संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को भी नोटिस भेजने की तैयारी कर ली है, ताकि आपत्तिजनक सामग्री को तुरंत हटाया जा सके।

संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा

पुलिस ने 28 मई को विशेष रूप से संवेदनशील दिन मानते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया है। वहीं 30 मई तक विशेष सुरक्षा ड्यूटी जारी रहेगी। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बल भी तैनात किया जाएगा।

संवेदनशील इलाकों में पुलिस की लगातार गश्त जारी है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए रिजर्व पुलिस कंपनियों को अलर्ट पर रखा गया है।

शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील

पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाएं और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

फिलहाल नूंह पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है और पूरे जिले में कड़ी निगरानी के बीच सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है, ताकि बकरीद का पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *