Anurag Dobhal उर्फ UK07 Rider एक बार फिर सुर्खियों में हैं। ‘Bigg Boss 17’ से लोकप्रियता हासिल करने वाले अनुराग पिछले कुछ महीनों से लगातार विवादों और निजी समस्याओं को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। हाल ही में उन्होंने अपने नए व्लॉग में खुलासा किया कि आर्थिक तंगी के कारण उन्हें अपनी करोड़ों रुपये की महंगी बाइकें बेचनी पड़ीं।
दरअसल, मार्च महीने में अनुराग डोभाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें वह लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान तेज रफ्तार में कार चलाते दिखाई दिए थे। वीडियो में अचानक उनकी कार डिवाइडर से टकरा गई थी, जिसके बाद उनकी गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में अनुराग घायल हो गए थे और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। उस समय सोशल मीडिया पर यह भी दावा किया गया था कि उन्होंने जान देने की कोशिश की थी, हालांकि इस मामले को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं।
अब एक्सीडेंट से उबरने के बाद अनुराग ने फिर से व्लॉगिंग शुरू कर दी है। हाल ही में शेयर किए गए एक वीडियो में वह अपने देहरादून स्थित घर में नजर आए। इस दौरान उन्होंने अपने गैराज की झलक दिखाई और अपनी आर्थिक स्थिति को लेकर खुलकर बात की। अनुराग ने बताया कि उन्होंने अपनी कई महंगी सुपरबाइक्स बेच दी हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 10 करोड़ रुपये थी।
वीडियो में अनुराग भावुक नजर आए। उन्होंने कहा, “हमने जो साम्राज्य खड़ा किया था, वो अब लगभग खाली हो चुका है। पिछले साल ज्यादातर बाइकें हमें बेचनी पड़ीं और अब सिर्फ दो बाइकें बची हैं।” उन्होंने बताया कि आर्थिक परेशानियों के चलते उन्हें यह बड़ा फैसला लेना पड़ा।
अनुराग ने कहा कि बीते कुछ समय से उनकी जिंदगी में काफी अस्थिरता रही। वह नई जगह पर शिफ्ट होने की तैयारी कर रहे थे और अपने मर्चेंडाइज बिजनेस को दोबारा लॉन्च करने की योजना भी बना रहे थे, लेकिन चीजें योजना के मुताबिक नहीं हो सकीं। उन्होंने बताया कि पैसों की जरूरत के कारण उन्हें अपना गैराज खाली करना पड़ा।
यूट्यूबर ने कहा, “मैं ही जानता हूं कि उस मुश्किल दौर में मैंने कैसे समय बिताया। हर तरफ तनाव और अनिश्चितता थी। लेकिन अब हम फिर से सबकुछ बनाने की कोशिश करेंगे।” अनुराग की यह बात सुनकर उनके फैंस भी भावुक हो गए और सोशल मीडिया पर उन्हें सपोर्ट कर रहे हैं।
इससे पहले भी अनुराग अपने निजी जीवन को लेकर चर्चा में रहे थे। मार्च में उन्होंने एक वीडियो शेयर कर अपने परिवार पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए थे। वीडियो में उन्होंने कहा था कि अगर उनके साथ कुछ गलत होता है तो इसके लिए उनका परिवार जिम्मेदार होगा। इसके कुछ ही दिनों बाद उनका एक्सीडेंट वाला वीडियो सामने आया था, जिसने इंटरनेट पर हलचल मचा दी थी।
अनुराग डोभाल भारत के लोकप्रिय मोटर व्लॉगर्स में गिने जाते हैं और सोशल मीडिया पर उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग है। हालांकि पिछले कुछ महीनों में उनकी जिंदगी में आए उतार-चढ़ाव ने फैंस को भी हैरान कर दिया है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि अनुराग अपने करियर और जिंदगी को किस तरह दोबारा पटरी पर लाते हैं।

