दिल्ली में सामने आए हाई-प्रोफाइल रेप और मर्डर केस में पुलिस जांच तेज हो गई है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस के हाथ कई अहम सबूत लगे हैं, जिससे केस अब और मजबूत होता नजर आ रहा है। आरोपी राहुल मीणा की निशानदेही पर पुलिस ने पीड़िता का मोबाइल फोन और आरोपी द्वारा इस्तेमाल किया गया दूसरा मोबाइल भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, यह वही फोन है जिसे आरोपी वारदात के बाद फरार होने के दौरान इस्तेमाल कर रहा था। दोनों मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच अब केस की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएगी।
क्राइम सीन रिक्रिएशन से खुली कई परतें
दिल्ली पुलिस ने आरोपी राहुल मीणा को पीड़िता के घर लेकर जाकर पूरी घटना का क्राइम सीन रिक्रिएट कराया। इस दौरान फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम भी मौजूद रही। करीब साढ़े 9 बजे शुरू हुई इस प्रक्रिया में आरोपी ने वारदात की पूरी कहानी दोहराई।
जांच टीम ने यह समझने की कोशिश की कि आरोपी घर में कैसे दाखिल हुआ, किस रास्ते से अंदर गया और किस तरह उसने वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने घर के अलग-अलग हिस्सों की पहचान करवाई, जिनमें वह स्थान भी शामिल था जहां पीड़िता के साथ अपराध हुआ और जहां हत्या की गई।
पुलिस को मिले कई अहम सबूत
जांच के दौरान पुलिस को मौके से कई महत्वपूर्ण सबूत मिले हैं, जिनमें शामिल हैं:
- पीड़िता के खून से सने कपड़े
- घर में मिले खून के निशान
- चार्जर की केबल, जिससे गला घोंटने का शक
- टेबल लैंप, जिससे सिर पर वार किया गया
- आरोपी के खून और सीमेन से सने कपड़े
- घटना के बाद छोड़ी गई आरोपी की पैंट
- आरोपी के जूते
- पीड़िता के भाई की पैंट, जिसे पहनकर आरोपी भागा
- घर से बरामद चप्पलें
इन सबूतों ने पुलिस की जांच को और मजबूत आधार दिया है।
चश्मदीदों के बयान भी अहम
इस केस में पुलिस को कुछ चश्मदीद गवाह भी मिले हैं, जिन्होंने आरोपी राहुल मीणा को घटना से पहले और बाद में इलाके में देखा था। एक पड़ोसी के यहां काम करने वाले ड्राइवर ने भी बयान दिया है कि उसने आरोपी को घर के बाहर देखा था और उससे बातचीत भी हुई थी। पुलिस का कहना है कि यह बयान केस की कड़ी को जोड़ने में बेहद अहम साबित हो सकते हैं।
जांच में तेजी, चार्जशीट की तैयारी
पुलिस अब सभी फॉरेंसिक रिपोर्ट और सबूतों को एक साथ जोड़कर चार्जशीट तैयार करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि यह मामला बेहद संवेदनशील है और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए मजबूत केस तैयार किया जा रहा है।
फिलहाल राहुल मीणा पुलिस हिरासत में है और उससे लगातार पूछताछ जारी है।

