TRP रिपोर्ट में बड़ा उलटफेर, ‘तारक मेहता’ की दमदार वापसी; ‘ये रिश्ता’ की रेटिंग गिरी
टीवी इंडस्ट्री की ताजा टीआरपी रिपोर्ट ने इस हफ्ते दर्शकों की पसंद में बड़ा बदलाव दिखाया है। BARC द्वारा जारी 10वें हफ्ते की रेटिंग्स में जहां कुछ शोज ने अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी, वहीं कई लोकप्रिय धारावाहिकों को झटका भी लगा है।
इस बार सबसे ज्यादा चर्चा में रहा कॉमेडी शो तारक मेहता का उल्टा चश्मा, जिसने जबरदस्त वापसी करते हुए टॉप 5 में अपनी जगह बना ली है। लंबे समय से दर्शकों का पसंदीदा यह शो व्यूअरशिप में उछाल के चलते चौथे स्थान पर पहुंच गया है। माना जा रहा है कि शो की मौजूदा कहानी और किरदारों की कॉमिक टाइमिंग दर्शकों को खूब पसंद आ रही है।
टीआरपी चार्ट में पहले स्थान पर क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2 ने अपनी बादशाहत बरकरार रखी है। वहीं, अनुपमा ने दूसरे स्थान पर मजबूत पकड़ बनाए रखी है। तीसरे स्थान पर तुम से तुम तक ने अपनी जगह बनाई।
टॉप 5 की सूची में पांचवें स्थान पर वसुधा रहा, जिसने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। इसके अलावा गंगा माई की बेटियां छठे स्थान पर रहा।
वहीं, इस हफ्ते का सबसे बड़ा झटका ये रिश्ता क्या कहलाता है को लगा है। लंबे समय से टॉप शोज में शामिल यह धारावाहिक सातवें स्थान पर खिसक गया है। इसकी टीआरपी में आई गिरावट ने मेकर्स की चिंता बढ़ा दी है।
इसी तरह उड़ने की आशा भी फिसलकर आठवें स्थान पर पहुंच गया है। हालांकि, इस हफ्ते एक नया शो जगद्धात्री पहली बार टॉप 10 में शामिल हुआ है और उसने नौवां स्थान हासिल किया है।
सबसे ज्यादा गिरावट नागिन 7 में देखने को मिली, जो सीधे दसवें स्थान पर पहुंच गया। इस शो से दर्शकों की उम्मीदें ज्यादा थीं, लेकिन मौजूदा ट्रैक को उतना अच्छा रिस्पॉन्स नहीं मिल पा रहा है।
हालांकि, शो की टीआरपी गिरने के बावजूद प्रियंका चाहर चौधरी की लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई है। वह अब भी दर्शकों के बीच काफी पसंद की जा रही हैं और लोकप्रिय कलाकारों की सूची में दूसरे स्थान पर बनी हुई हैं। वहीं, पहले स्थान पर समृद्धि शुक्ला और तीसरे स्थान पर रोहित पुरोहित रहे।
कुल मिलाकर, इस हफ्ते की टीआरपी रिपोर्ट ने साफ कर दिया है कि दर्शकों की पसंद लगातार बदल रही है। जहां कुछ शोज अपनी पकड़ बनाए हुए हैं, वहीं नए ट्विस्ट और दिलचस्प कहानियों वाले शोज तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। आने वाले हफ्तों में यह देखना दिलचस्प होगा कि कौन सा शो अपनी जगह बनाए रखता है और कौन रेस से बाहर होता है।

