ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर लगातार शानदार और दमदार कंटेंट देखने को मिल रहा है। क्राइम, थ्रिलर, ड्रामा और कॉमेडी जैसी शैलियों में बनी वेब सीरीज और फिल्में दर्शकों को खूब पसंद आ रही हैं। इसी कड़ी में अब एक नई साइकोलॉजिकल थ्रिलर सीरीज ‘अक्यूज्ड’ जल्द ही ओटीटी पर दस्तक देने जा रही है, जिसकी रिलीज से पहले ही काफी चर्चा हो रही है। इस सीरीज में कोंकणा सेन शर्मा और प्रतिभा रांटा लीड रोल में नजर आएंगी।
कोंकणा सेन शर्मा हिंदी सिनेमा की बेहतरीन अभिनेत्रियों में शुमार हैं और उन्होंने अब तक कई यादगार किरदार निभाए हैं। अब वह ‘अक्यूज्ड’ के जरिए एक बार फिर दर्शकों को एक गहरे और रहस्यमयी किरदार में देखने को मिलेंगी। वहीं प्रतिभा रांटा, जिन्होंने हाल के वर्षों में अपने दमदार अभिनय से खास पहचान बनाई है, इस सीरीज में एक अहम भूमिका निभाती नजर आएंगी।
नेटफ्लिक्स पर होगी स्ट्रीमिंग
हाल ही में ‘अक्यूज्ड’ का फर्स्ट लुक पोस्टर और टीजर जारी किया गया, जिसमें कोंकणा सेन शर्मा एक बिल्कुल अलग और गंभीर अंदाज में दिखाई दीं। पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया पर हलचल मच गई और दर्शकों के बीच सीरीज को लेकर उत्सुकता बढ़ गई। इसके साथ ही निर्माताओं ने इसकी रिलीज डेट का भी खुलासा कर दिया।
नेटफ्लिक्स इंडिया ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा,
“मीरा अपनी सपनों भरी जिंदगी जी रही है। क्या एक राज़ उसकी जिंदगी को बुरे सपने में बदल देगा? कोंकणा सेन शर्मा और प्रतिभा रांटा अभिनीत ‘अक्यूज्ड’ 27 फरवरी को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हो रही है।”
27 फरवरी को होगी रिलीज
यह साइकोलॉजिकल थ्रिलर 27 फरवरी 2027 को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम की जाएगी। सोमवार को नेटफ्लिक्स इंडिया ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर इसका फर्स्ट लुक पोस्टर और टीजर जारी किया, जिसमें कोंकणा और प्रतिभा की झलक ने फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ा दी। टीजर देखने के बाद कई यूजर्स ने कमेंट कर अपनी उत्सुकता जाहिर की और इसे “मस्ट वॉच” बताया।
कहानी में होगा रहस्य और मानसिक संघर्ष
‘अक्यूज्ड’ एक ऐसी कहानी पेश करेगी, जिसमें एक सामान्य सी दिखने वाली जिंदगी के पीछे छुपे रहस्यों से पर्दा उठेगा। सीरीज में मानसिक तनाव, रहस्य और सस्पेंस का जबरदस्त तड़का देखने को मिलेगा, जो दर्शकों को अंत तक बांधे रखेगा।
कलाकारों के हालिया प्रोजेक्ट्स
कोंकणा सेन शर्मा हाल ही में फिल्म ‘मेट्रो… इन दिनों’ को लेकर चर्चा में रहीं, जिसमें उन्होंने पंकज त्रिपाठी के साथ काम किया था। इसके अलावा वह ‘किलर सूप’ और ‘सर्च: द नैना मर्डर केस’ में भी नजर आ चुकी हैं। वहीं अब ‘अक्यूज्ड’ उनके अपकमिंग प्रोजेक्ट्स में सबसे ज्यादा चर्चित है।
प्रतिभा रांटा की बात करें तो वह 2024 की हिट फिल्म ‘लापता लेडीज’ में जया के किरदार को लेकर खूब सुर्खियों में रहीं। इसके अलावा संजय लीला भंसाली की वेब सीरीज ‘हीरामंडी’ में भी उनके अभिनय को काफी सराहा गया।

