नई दिल्ली: होली के त्योहार को देखते हुए भारतीय रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। Indian Railways Holi Special Trains 2026 के तहत देशभर में 1410 से ज्यादा होली स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना बनाई गई है। रेल मंत्रालय के अनुसार, जरूरत पड़ने पर इन ट्रेनों की संख्या 1500 तक बढ़ाई जा सकती है। इन ट्रेनों का संचालन मार्च महीने में किया जाएगा, ताकि त्योहार के दौरान बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को सुचारू रूप से संभाला जा सके।
रेल मंत्रालय ने बताया कि इन होली स्पेशल ट्रेनों का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को आरामदायक, सुरक्षित और समय पर यात्रा की सुविधा देना है। खासतौर पर उत्तर भारत, पश्चिम भारत और पूर्वी भारत के रूटों पर भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जा रही हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले साल 2025 में भारतीय रेलवे ने होली के दौरान 1144 स्पेशल ट्रेनों के ट्रिप ऑपरेट किए थे, जबकि इस साल यह संख्या काफी अधिक रहने की संभावना है।
पूर्व मध्य रेलवे चलाएगा सबसे ज्यादा ट्रेनें
रेल मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, पूर्व मध्य रेलवे सबसे ज्यादा 285 होली स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। इसके बाद पश्चिम रेलवे पश्चिमी रूटों पर यात्रियों की भारी मांग को देखते हुए 231 स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना बना रहा है।
मध्य रेलवे द्वारा 209 ट्रेनें और दक्षिण मध्य रेलवे द्वारा 160 होली स्पेशल ट्रेनें संचालित की जाएंगी। इसके अलावा, उत्तर रेलवे 108 और उत्तर पश्चिम रेलवे 71 स्पेशल ट्रेनें चलाएगा।
कनेक्टिविटी को और मजबूत करने के लिए उत्तर मध्य रेलवे 66 ट्रेनें चलाएगा, जबकि पूर्वोत्तर रेलवे और पूर्व तटीय रेलवे दोनों द्वारा 62-62 ट्रेनें संचालित की जाएंगी।
अन्य जोनों की तैयारी
होली के मौके पर दक्षिण पश्चिम रेलवे 47 स्पेशल ट्रेनों का संचालन करेगा, वहीं पश्चिम मध्य रेलवे ने 43 ट्रेनों की योजना बनाई है। यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए दक्षिण रेलवे 39 होली स्पेशल ट्रेनें चलाएगा।
इसके अलावा, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा 15 ट्रेनें, कोंकण रेलवे द्वारा 9 और पूर्वोत्तर सीमा रेलवे द्वारा 2 होली स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। ये ट्रेनें क्षेत्रीय मांग और यात्रियों की संख्या को ध्यान में रखकर तय की गई हैं।
यात्रियों से अपील
रेल मंत्रालय ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं और IRCTC या रेलवे के अधिकृत प्लेटफॉर्म से टिकट बुक करें। साथ ही रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और कुशल संचालन सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिकता है।
भारतीय रेलवे का यह कदम होली के दौरान घर जाने वाले लाखों यात्रियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। अतिरिक्त ट्रेनों से न सिर्फ भीड़ कम होगी, बल्कि लंबी वेटिंग लिस्ट की समस्या से भी यात्रियों को निजात मिलेगी।

