‘बॉर्डर 2’ का बॉक्स ऑफिस पर तूफान जारी, 11वें दिन गिरावट के बावजूद शाहिद कपूर की फिल्म का रिकॉर्ड किया ध्वस्त
सनी देओल स्टारर मेगा वॉर फिल्म ‘बॉर्डर 2’ रिलीज के बाद से ही बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन कर रही है। 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई यह फिल्म न सिर्फ दर्शकों का दिल जीतने में कामयाब रही है, बल्कि कमाई के मामले में भी लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। फिल्म अब तक 10 वॉर फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़ चुकी है और 11वें दिन कमाई में भारी गिरावट के बावजूद इसने शाहिद कपूर की एक बड़ी फिल्म का बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड भी तोड़ डाला है।
1997 में आई जेपी दत्ता की क्लासिक फिल्म ‘बॉर्डर’ के सीक्वल के तौर पर बनी ‘बॉर्डर 2’ ने रिलीज के पहले दिन ही 30 करोड़ रुपये की दमदार ओपनिंग की थी। इसके बाद पहले वीकेंड पर फिल्म की कमाई में लगातार इजाफा देखने को मिला। देशभक्ति, इमोशन और युद्ध के सीन ने दर्शकों को थिएटर्स तक खींच लाने में बड़ी भूमिका निभाई।
11वें दिन आई बड़ी गिरावट, फिर भी मजबूत पकड़
इंडस्ट्री ट्रैकर सैकनिल्क के मुताबिक, ‘बॉर्डर 2’ ने पहले 10 दिनों में ही भारत में 275 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया था। दूसरे शनिवार को फिल्म ने करीब 17–18 करोड़ और रविवार को 22–23 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की। हालांकि, रिलीज के दूसरे सोमवार यानी 11वें दिन फिल्म की कमाई में भारी गिरावट देखने को मिली।
रिपोर्ट्स के अनुसार, 11वें दिन ‘बॉर्डर 2’ का कलेक्शन सिर्फ 5.75 करोड़ रुपये रहा। इसके बावजूद फिल्म का कुल घरेलू बॉक्स ऑफिस कलेक्शन अब 281 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।
300 करोड़ क्लब से बस चंद कदम दूर
भले ही 11वें दिन फिल्म की रफ्तार धीमी पड़ी हो, लेकिन ‘बॉर्डर 2’ अब 300 करोड़ क्लब में एंट्री करने से सिर्फ 19 करोड़ रुपये दूर है। ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि फिल्म अगले 1–2 दिनों में यह आंकड़ा भी आसानी से पार कर लेगी। अगर ऐसा होता है तो यह सनी देओल के करियर की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक बन जाएगी।
खास बात यह है कि ‘बॉर्डर 2’ ने इस दौरान शाहिद कपूर की एक वॉर फिल्म के लाइफटाइम कलेक्शन का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है, जिससे यह 2026 की सबसे बड़ी हिट फिल्मों की लिस्ट में मजबूती से शामिल हो गई है।
स्टारकास्ट और कहानी ने बनाया फिल्म को खास
अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी ‘बॉर्डर 2’ की कहानी 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध और लोंगेवाला की ऐतिहासिक लड़ाई पर आधारित है। फिल्म में सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ, अहान शेट्टी, मोना सिंह, सोनम बाजवा, आन्या सिंह और मेधा राणा जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।
दमदार डायलॉग्स, देशभक्ति से भरा संगीत और भव्य युद्ध दृश्य फिल्म को दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स दिला रहे हैं।

