22 Mar 2026, Sun

MELANIA” डॉक्यूमेंट्री के बुरी तरह फ्लॉप होने के बाद भी प्रमोशन में जुटे ट्रंप ,कहा-“मैंने दूसरी बार देखा, आप भी जरूर देखें”

मेलानिया डॉक्यूमेंट्री के प्रमोशन में जुटे राष्ट्रपति ट्रंप, पोस्ट कर बोले – मैंने दूसरी बार देखी, आप भी जरूर देखें

वाशिंगटन: अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप पर बनी डॉक्यूमेंट्री भले ही बॉक्स ऑफिस और दर्शकों की कसौटी पर खरी न उतर पाई हो, लेकिन इसके बावजूद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इसके प्रमोशन में पूरी तरह जुटे हुए हैं। हाल ही में ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट शेयर कर डॉक्यूमेंट्री की जमकर तारीफ की और लोगों से इसे देखने की अपील की।

डोनाल्ड ट्रंप ने अपने पोस्ट में लिखा, “कल रात मैंने दूसरी बार ‘MELANIA’ फिल्म देखी। दर्शकों को यह बहुत पसंद आई और मुझे भी। यह एकदम मस्ट सी है, आप सभी जरूर देखें।” ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब रिपोर्ट्स के मुताबिक यह डॉक्यूमेंट्री दर्शकों को आकर्षित करने में नाकाम रही है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ब्रिटेन में इस डॉक्यूमेंट्री के लिए सिर्फ एक टिकट ही बिक पाया, जबकि अमेरिका में भी फिल्म को उम्मीद के मुताबिक रिस्पॉन्स नहीं मिला है। कमजोर ओपनिंग और कम दर्शकों की संख्या के चलते इसे फ्लॉप माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इसी वजह से राष्ट्रपति ट्रंप खुद आगे आकर फिल्म का प्रमोशन कर रहे हैं।

क्या है ‘मेलानिया’ डॉक्यूमेंट्री?
यह डॉक्यूमेंट्री अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप के जीवन पर आधारित है। फिल्म का निर्देशन ब्रेट रैटनर ने किया है और इसे अमेज़न एमजीएम स्टूडियोज द्वारा रिलीज किया गया है। डॉक्यूमेंट्री 2025 में राष्ट्रपति ट्रंप के शपथ ग्रहण से पहले के 20 दिनों की घटनाओं पर केंद्रित है।

फिल्म में मेलानिया ट्रंप के नजरिए से व्हाइट हाउस में वापसी की तैयारियां, उद्घाटन समारोह की प्लानिंग, पारिवारिक जीवन और राजनीतिक जिम्मेदारियों के बीच संतुलन को दिखाया गया है। इसमें कई अनदेखे फुटेज, निजी मीटिंग्स और बातचीत भी शामिल हैं, जो पहली महिला की भूमिका को करीब से दिखाने का दावा करती हैं।

ट्रंप ने की जमकर तारीफ, लेकिन आलोचना भी तेज
डोनाल्ड ट्रंप ने डॉक्यूमेंट्री को “बेहद खूबसूरत और प्रेरणादायक” बताया है। उनके मुताबिक थिएटर में दर्शकों ने तालियां बजाईं और कई लोगों ने मेलानिया की ग्रेस, स्टाइल और व्यक्तित्व की सराहना की। ट्रंप ने दावा किया कि टिकट तेजी से बिक रहे हैं।

हालांकि, क्रिटिक्स की राय इससे अलग है। कई समीक्षकों ने इसे लगभग 75 मिलियन डॉलर की महंगी प्रचारात्मक डॉक्यूमेंट्री बताया है और इसे एक “वैनिटी प्रोजेक्ट” करार दिया है। रॉटेन टोमेटोज पर भी फिल्म को कम रेटिंग मिली है।

30 जनवरी से सिनेमाघरों में रिलीज़ हो चुकी यह डॉक्यूमेंट्री वैश्विक स्तर पर उपलब्ध है, लेकिन कमजोर प्रदर्शन के कारण इसे मेलानिया ट्रंप के करियर की एक असफल कोशिश माना जा रहा है। इसके बावजूद राष्ट्रपति ट्रंप का लगातार समर्थन इस फिल्म को चर्चा में बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *