पंजाब के लुधियाना जिले के न्यू आज़ाद नगर इलाके में एक 5 साल की बच्ची के जन्मदिन समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नशे में धुत एक युवक ने विवाद के बाद बदमाशों को बुला लिया और मौके पर फायरिंग की कोशिश की गई।
जानकारी के मुताबिक, विवाद मीट की रेहड़ी लगाने को लेकर शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने मौके पर पिस्टल से गोली चलाने की कोशिश की, हालांकि गनीमत रही कि गोली नहीं चली और कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।
घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पंजाब पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चों के कार्यक्रम के दौरान इस तरह की घटना बेहद चिंताजनक है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े करती है।

