गुवाहाटी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को असम के लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (LGBIA) के नए टर्मिनल भवन का भव्य उद्घाटन किया। इस अवसर पर पीएम मोदी ने न केवल असम और पूर्वोत्तर भारत के विकास को लेकर केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई, बल्कि कांग्रेस पार्टी पर नॉर्थ-ईस्ट की दशकों तक उपेक्षा करने का गंभीर आरोप भी लगाया।
दो दिवसीय असम दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री ने कहा कि असम की धरती, यहां के लोगों का स्नेह और विशेष रूप से माताओं-बहनों का अपनापन उन्हें निरंतर प्रेरणा देता है। उन्होंने इसे असम के विकास की दिशा में एक नया अध्याय बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आधुनिक और वर्ल्ड-क्लास एयरपोर्ट किसी भी राज्य के लिए नए अवसरों के द्वार खोलते हैं और जनता के आत्मविश्वास को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि असम और पूर्वोत्तर का विकास कभी कांग्रेस के एजेंडे में नहीं रहा, जबकि भाजपा की “डबल इंजन सरकार” में यहां विकास की धारा लगातार बह रही है।
नए टर्मिनल की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यह भवन “विकास और विरासत” के मंत्र का जीवंत उदाहरण है। असम की संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य को ध्यान में रखते हुए डिज़ाइन किया गया यह टर्मिनल हरियाली से भरपूर है, जो यात्रियों को शांति और आराम का अनुभव कराएगा। उन्होंने यह भी बताया कि 2014 से पहले बांस को पेड़ मानने वाले कानून के कारण इसके उपयोग पर रोक थी, जिसे उनकी सरकार ने हटाकर बांस को घास की श्रेणी में रखा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और इसके पीछे सबसे बड़ा योगदान आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का है। उन्होंने ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ का ज़िक्र करते हुए कहा कि असम अब भारत का “ईस्टर्न गेटवे” बन रहा है और आसियान देशों से भारत को जोड़ने में अहम भूमिका निभा रहा है।
पीएम मोदी ने पूर्वोत्तर में बदले हालातों की चर्चा करते हुए कहा कि जहां कभी हिंसा और अशांति थी, आज वहां 4G और 5G जैसी आधुनिक डिजिटल कनेक्टिविटी पहुंच चुकी है। कई जिले जो पहले हिंसाग्रस्त थे, आज “आकांक्षी जिले” बनकर विकास की नई कहानी लिख रहे हैं।
विपक्ष पर तीखा हमला करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की सरकारों ने असम और पूर्वोत्तर को दशकों तक नजरअंदाज किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की सोच थी कि इस क्षेत्र को आधुनिक एयरपोर्ट, रेलवे और हाईवे की जरूरत नहीं है। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस की वर्षों की गई गलतियों को उनकी सरकार एक-एक करके सुधार रही है।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि आज़ादी से पहले असम को पूर्वी पाकिस्तान में मिलाने की साजिश थी, जिसे गोपीनाथ बोरदोलोई ने अपनी ही पार्टी के खिलाफ खड़े होकर नाकाम किया। साथ ही उन्होंने अवैध घुसपैठ पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि केंद्र सरकार देश की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करेगी।

