22 Mar 2026, Sun

टुक-टुक स्पेशलिस्ट के बिना बनी अच्छी टीम’- टी20 वर्ल्ड कप टीम से शुभमन गिल हुए बाहर, फैंस ने दिए मजेदार रिएक्शन

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की सीनियर मेंस सेलेक्शन कमिटी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज और टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम के स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है। इस स्क्वॉड में सबसे चौंकाने वाला फैसला शुभमन गिल को टीम से बाहर करना रहा। लंबे समय से टीम इंडिया के अहम बल्लेबाज माने जा रहे गिल को वर्ल्ड कप टीम में जगह नहीं मिल सकी है। वहीं, सूर्यकुमार यादव को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम का कप्तान बनाया गया है।

शुभमन गिल के बाहर होने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है। कुछ फैंस इसे चयनकर्ताओं का साहसिक फैसला बता रहे हैं, तो कुछ लोग इस फैसले से हैरान नजर आए।

एशिया कप से पहले बने थे टी20 टीम के उपकप्तान

गौरतलब है कि एशिया कप 2025 से पहले शुभमन गिल को भारतीय टी20 टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया था। उस समय माना जा रहा था कि वह आने वाले बड़े टूर्नामेंट्स में टीम की रीढ़ साबित होंगे। हालांकि, इसके बाद उनका टी20 फॉर्म उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। लगातार मौकों के बावजूद गिल बड़ी पारियां खेलने में नाकाम रहे, जिसका खामियाजा उन्हें वर्ल्ड कप स्क्वॉड से बाहर होकर भुगतना पड़ा।

सेलेक्टर्स ने साफ संकेत दिया है कि टी20 क्रिकेट में मौजूदा फॉर्म और स्ट्राइक रेट को प्राथमिकता दी जा रही है।

ईशान किशन और रिंकू सिंह की दमदार वापसी

जहां एक ओर शुभमन गिल को बाहर किया गया है, वहीं ईशान किशन की टीम में वापसी ने सभी को चौंका दिया। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में शानदार प्रदर्शन करने वाले ईशान किशन को बतौर ओपनर और बैकअप विकेटकीपर स्क्वॉड में शामिल किया गया है। इसके अलावा रिंकू सिंह की भी टीम में वापसी हुई है, जिन्हें फिनिशर की भूमिका में देखा जाएगा।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ पिछली टी20 सीरीज में टीम से बाहर रहे रिंकू सिंह को फिर से मौका दिया जाना चयनकर्ताओं की रणनीति को दर्शाता है।

सूर्यकुमार यादव कप्तान, अक्षर पटेल उपकप्तान

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सूर्यकुमार यादव भारतीय टीम की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे। सूर्यकुमार का आक्रामक खेल और नेतृत्व क्षमता चयनकर्ताओं को काफी प्रभावित कर रही है। वहीं, अक्षर पटेल को टीम का उपकप्तान बनाया गया है, जो गेंद और बल्ले दोनों से अहम भूमिका निभा सकते हैं।

सोशल मीडिया पर फैंस के मजेदार रिएक्शन

शुभमन गिल के बाहर होने पर सोशल मीडिया पर फैंस ने जमकर प्रतिक्रियाएं दीं। एक यूजर ने लिखा, “2026 वर्ल्ड कप से शुभमन गिल को बाहर करना भारतीय क्रिकेट इतिहास का सबसे साहसिक फैसला है।”
वहीं दूसरे यूजर ने तंज कसते हुए कहा, “आखिरकार एक ऐसी टीम बनी जिसमें टुक-टुक स्पेशलिस्ट नहीं हैं।”
कई फैंस ने इस फैसले पर मीम्स भी शेयर किए, जो तेजी से वायरल हो रहे हैं।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत का स्क्वॉड

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, वॉशिंगटन सुंदर और ईशान किशन (विकेटकीपर)।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *