नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने राहुल गांधी पर विदेशों में भारत की छवि खराब करने और देश विरोधी बयान देने का आरोप लगाते हुए कहा कि “राहुल गांधी 55 साल के हैं, पांच साल में बूढ़े हो जाएंगे, लेकिन उनके डीएनए में भारत विरोध है।”
गौरव भाटिया ने कहा कि राहुल गांधी लगातार विदेशी मंचों पर जाकर भारत के लोकतंत्र, संवैधानिक व्यवस्था और संस्थाओं पर सवाल उठाते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में कोलंबिया में राहुल गांधी ने यह कहा कि भारत में लोकतंत्र पर हमला हो रहा है, जो देश की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वाला बयान है।
🔹 “भारत की छवि खराब करना बन गया है आदत”
भाटिया ने कहा,
“राहुल गांधी कहते हैं कि वह इंडियन स्टेट के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। यह बेहद गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण बयान है। भारत की छवि को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर धूमिल करना अब राहुल गांधी का चरित्र बन गया है।”
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि राहुल गांधी किन ताकतों के इशारे पर इस तरह के बयान देते हैं और जॉर्ज सोरोस जैसी भारत विरोधी संस्थाओं से जुड़े लोगों के साथ उनके संबंधों पर भी संदेह जताया।
🔹 विदेशी नेताओं से मुलाकात पर सवाल
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राहुल गांधी अमेरिका में इलहाम ओमर जैसी नेताओं से मिलते हैं, जो खुले तौर पर कश्मीर को लेकर भारत के खिलाफ बयान देती रही हैं। भाटिया ने आरोप लगाया कि इलहाम ओमर ने कश्मीर को लेकर भारत पर “अवैध कब्जे” की बात कही थी, फिर भी राहुल गांधी उनके साथ तस्वीरें खिंचवाते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी ने मूसी हसन और कार्नेलियो वूल जैसे लोगों के साथ मंच साझा किया, जिनके संबंध जॉर्ज सोरोस से जुड़ी भारत विरोधी फंडिंग संस्थाओं से बताए जाते हैं।
🔹 “राहुल गांधी भारत के मीर जफर”
गौरव भाटिया ने तीखी टिप्पणी करते हुए राहुल गांधी को “भारत का मीर जफर” तक कह डाला। उन्होंने कहा,
“जॉर्ज सोरोस की संस्था जो भारत विरोधी गतिविधियों के लिए जानी जाती है, उसके बोर्ड में शामिल लोगों के साथ राहुल गांधी की नजदीकियां देश को सोचने पर मजबूर करती हैं।”
🔹 ममता बनर्जी पर भी साधा निशाना
भाजपा नेता ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि बंगाल में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए तृणमूल कांग्रेस हिंदू आस्था के खिलाफ राजनीति कर रही है।
भाटिया ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी के इशारे पर उनके नेता सांप्रदायिक बयान दे रहे हैं। उन्होंने मदन मित्रा के बयान का हवाला देते हुए कहा कि प्रभु श्रीराम को लेकर दिए गए बयान हिंदुओं की आस्था को ठेस पहुंचाने वाले हैं।
🔹 “हिंदू आस्था के खिलाफ राजनीति”
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि जय श्रीराम के नारे पर धमकी देना, महाकुंभ को “मृत्यु कुंभ” कहना और भगवान राम का अपमान करना देश की सांस्कृतिक भावनाओं पर हमला है, जिसे भाजपा बर्दाश्त नहीं करेगी।

