28 Mar 2026, Sat

हैप्पी पटेल का ट्रेलर रिलीज, गन चलाते गैंगस्टर के रोल में दिखे आमिर खान, देली बेली की याद दिलाएगी कहानी

मुंबई: कॉमेडियन और अभिनेता वीर दास अपनी पहली हिंदी फीचर फिल्म ‘हैप्पी पटेल: एक खतरनाक जासूस’ के साथ बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं। शुक्रवार को फिल्म का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है, जिसने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी यह फिल्म 16 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। खास बात यह है कि फिल्म में आमिर खान भी कैमियो रोल में नजर आने वाले हैं।

फिल्म का ट्रेलर कुछ हफ्ते पहले आए मजेदार अनाउंसमेंट वीडियो के बाद जारी किया गया है। ट्रेलर को आमिर खान प्रोडक्शंस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर करते हुए लिखा,
“गांववालों! वो एक शेफ हैं, एक एजेंट (कुछ हद तक) हैं, एक हीरो (शायद) हैं और वो हैं हैप्पी पटेल। मिलिए हमारे खतरनाक जासूस से, 16 जनवरी से सिनेमाघरों में।”

ट्रेलर में दिखा कॉमेडी और एक्शन का तड़का

‘हैप्पी पटेल’ का ट्रेलर वीर दास से शुरू होता है, जहां वह राइफल असेंबल करते नजर आते हैं, लेकिन ट्रिगर लगाना भूल जाते हैं। यही सीन यह इशारा करता है कि वे MI7 की परीक्षा में सात बार क्यों फेल हुए थे। इसके बाद उन्हें गोवा में एक सीक्रेट मिशन पर भेजा जाता है।

भारत की संस्कृति और परंपराओं से अनजान एजेंट बने वीर दास को मिशन के दौरान कई मजेदार और अजीब परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। ट्रेलर में मोना सिंह के किरदार द्वारा उनकी प्रताड़ना, इमरान खान के साथ स्लो-मोशन हवाई लड़ाई और कई हास्यपूर्ण एक्शन सीन देखने को मिलते हैं।

‘देली बेली’ की याद दिलाएगी फिल्म

फिल्म की कहानी और टोन दर्शकों को ‘देली बेली’ की याद दिलाती है। खास बात यह है कि इस फिल्म में भी वीर दास और इमरान खान एक बार फिर साथ नजर आएंगे, जिन्होंने इससे पहले ‘देली बेली’ में सुपरहिट जोड़ी दी थी। ट्रेलर में गालियों से भरपूर डायलॉग्स और बोल्ड कॉमेडी साफ नजर आती है।

इसके अलावा फिल्म में शारिब हाशमी भी अहम भूमिका निभाते दिखेंगे, जिन्हें हाल ही में ‘द फैमिली मैन’ और ‘बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ में पसंद किया गया था।

आमिर खान का कैमियो बना खास आकर्षण

फिल्म का सबसे बड़ा सरप्राइज आमिर खान का कैमियो है। ट्रेलर में आमिर खान को एक गैंगस्टर के रोल में दिखाया गया है, जहां वह बंदूक लेकर लोगों का पीछा करते और एक आंटी को फनी अंदाज में जवाब देते नजर आते हैं। छोटे से रोल में भी आमिर खान की मौजूदगी फिल्म के लिए बड़ा प्लस मानी जा रही है।

‘हैप्पी पटेल’ का सह-निर्देशन कवि शास्त्री ने किया है और यह फिल्म कॉमेडी, एक्शन और सटायर का मजेदार मिश्रण नजर आ रही है। अब देखना होगा कि यह फिल्म दर्शकों को कितना गुदगुदा पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *