14 May 2026, Thu

70 लाख में बनी 75 करोड़ कमाने वाली फिल्म, 20 साल पहले रचा इतिहास, बिना सुपरस्टार के बना डाला बड़ा रिकॉर्ड, 8.4 है IMDb रेटिंग

70 लाख की लागत, 75 करोड़ की कमाई: Mungaru Male ने रचा था इतिहास

आज के दौर में जहां फिल्म इंडस्ट्री में बड़े बजट और सुपरस्टार्स वाली फिल्मों का बोलबाला है, वहीं कई बार कम बजट की फिल्में भी ऐसा इतिहास रच देती हैं जिसे सालों तक याद रखा जाता है। ऐसी ही एक फिल्म थी Mungaru Male, जिसने बेहद कम लागत में बनकर बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ कमाई की थी। साल 2006 में रिलीज हुई इस कन्नड़ रोमांटिक ड्रामा फिल्म ने साबित कर दिया था कि दर्शकों को सिर्फ शानदार कंटेंट चाहिए, न कि भारी-भरकम बजट या बड़े सितारे।

करीब 70 लाख रुपये के बजट में बनी ‘मुंगारू माले’ ने बॉक्स ऑफिस पर लगभग 75 करोड़ रुपये का कारोबार कर इंडस्ट्री को चौंका दिया था। उस दौर में यह कमाई किसी चमत्कार से कम नहीं मानी गई। फिल्म की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यह कई सिनेमाघरों में एक साल से ज्यादा समय तक चली। बेंगलुरु के पीवीआर मल्टीप्लेक्स में फिल्म ने लगातार 460 दिनों तक प्रदर्शन किया, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड था।

फिल्म का निर्देशन मशहूर निर्देशक Yogaraj Bhat ने किया था। उन्होंने ही इसकी कहानी भी लिखी थी। फिल्म में अभिनेता Ganesh और अभिनेत्री Pooja Gandhi मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। उस समय दोनों कलाकार इंडस्ट्री में बड़े नाम नहीं थे, लेकिन इस फिल्म की सफलता ने उन्हें रातोंरात स्टार बना दिया।

‘मुंगारू माले’ की कहानी एकतरफा प्यार, भावनाओं और त्याग के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म में प्रीतम नाम का युवक पहली नजर में नंदिनी से प्यार कर बैठता है। वह अपने प्यार का इजहार भी करता है, लेकिन नंदिनी पहले से सगाईशुदा होती है। इसके बाद कहानी में भावनात्मक मोड़ आते हैं, जिसने दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया। फिल्म की सादगी, खूबसूरत लोकेशन और भावुक कहानी ने इसे लोगों के दिलों तक पहुंचा दिया।

फिल्म का संगीत भी इसकी सफलता का एक बड़ा कारण बना। इसके गाने उस समय हर किसी की जुुबान पर थे और आज भी दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हैं। खास बात यह रही कि बिना किसी बड़े प्रमोशन और सीमित संसाधनों के बावजूद फिल्म ने पूरे दक्षिण भारत में जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की।

फिल्म को दर्शकों के साथ-साथ समीक्षकों ने भी काफी सराहा। IMDb पर इसे 8.4 की शानदार रेटिंग मिली, जो इसकी लोकप्रियता और मजबूत कहानी को दर्शाती है। यह फिल्म आज भी कन्नड़ सिनेमा की सबसे सफल फिल्मों में गिनी जाती है।

हालांकि फिल्म की जबरदस्त कमाई के बाद इसके प्रोड्यूसर को मुश्किलों का सामना भी करना पड़ा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की अप्रत्याशित सफलता के बाद आयकर विभाग ने निर्माता के घर पर छापा मारा था। इतनी बड़ी कमाई ने हर किसी को हैरान कर दिया था और इंडस्ट्री में ‘मुंगारू माले’ चर्चा का बड़ा विषय बन गई थी।

आज जब बड़े बजट की कई फिल्में बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पा रहीं, तब ‘मुंगारू माले’ की कहानी यह साबित करती है कि सिनेमा में असली ताकत अच्छी कहानी और भावनात्मक जुड़ाव में होती है। यही वजह है कि रिलीज के करीब दो दशक बाद भी इस फिल्म का जादू दर्शकों के दिलों में बरकरार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *