22 Mar 2026, Sun

10 साल बाद पर्दे पर लौट रहे आमिर खान के सुपरक्यूट भांजे, कैटरीना संग सुपरहिट रही थी फिल्म, मामू संग जमाएंगे रंग

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। करीब 10 साल के लंबे ब्रेक के बाद इमरान खान की वापसी की झलक शुक्रवार को रिलीज हुए फिल्म ‘हैप्पी पटेल’ के ट्रेलर में देखने को मिली। खास बात यह है कि इस फिल्म में इमरान अपने मामा आमिर खान के साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे, जिसे लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

फिल्म ‘हैप्पी पटेल’ 16 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। ट्रेलर में इमरान खान एक दमदार और अलग अंदाज में नजर आ रहे हैं। वीर दास स्टारर इस फिल्म में इमरान का किरदार काफी मजबूत बताया जा रहा है। लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर उनकी मौजूदगी ने सोशल मीडिया पर भी हलचल मचा दी है।

आखिरी बार ‘कट्टी-बट्टी’ में आए थे नजर

इमरान खान आखिरी बार साल 2015 में फिल्म ‘कट्टी-बट्टी’ में नजर आए थे। इसके बाद उन्होंने निजी कारणों से फिल्मों से दूरी बना ली थी। अब करीब एक दशक बाद उनकी वापसी को लेकर दर्शकों की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं। ‘हैप्पी पटेल’ में उन्हें एक नए अवतार में देखा जाएगा, जो उनके अब तक के करियर से अलग माना जा रहा है।

हिट फिल्मों से बनाई थी पहचान

इमरान खान ने अपने करियर की शुरुआत साल 2008 में सुपरहिट फिल्म ‘जाने तू… या जाने ना’ से की थी। इस फिल्म में जेनेलिया डिसूजा के साथ उनकी जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया। इसके बाद उन्होंने कई हिट फिल्मों में काम किया और बॉलीवुड में अपनी खास पहचान बनाई।

साल 2010 में ‘आई हेट लव स्टोरीज’ में सोनम कपूर के साथ उनकी रोमांटिक केमिस्ट्री दर्शकों को खूब भायी। इसके गाने आज भी लोगों की प्लेलिस्ट में शामिल हैं। वहीं, 2011 में ‘मेरे ब्रदर की दुल्हन’ में कैटरीना कैफ के साथ उनकी जोड़ी सुपरहिट रही। इसी साल आई फिल्म ‘देहली बेली’ में इमरान ने अपने अलग और बोल्ड किरदार से खूब तारीफें बटोरीं।

उतार-चढ़ाव भरा रहा करियर

हालांकि शुरुआती सफलता के बाद इमरान खान का करियर उतार-चढ़ाव से गुजरा। साल 2013 में ‘वन्स अपॉन अ टाइम इन मुंबई दोबारा’ में अक्षय कुमार के साथ लीड रोल निभाया, लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास प्रदर्शन नहीं कर सकी। इसके बाद ‘कट्टी-बट्टी’ भी उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी और इमरान ने फिल्मों से ब्रेक लेने का फैसला किया।

‘हैप्पी पटेल’ से नई शुरुआत

अब इमरान खान अपने मामा आमिर खान के प्रोडक्शन की फिल्म ‘हैप्पी पटेल: एक खतरनाक जासूस’ से नई शुरुआत करने जा रहे हैं। ट्रेलर में उनकी झलक ने यह साफ कर दिया है कि इमरान इस बार पूरी तैयारी के साथ लौटे हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि 10 साल बाद उनकी यह वापसी बॉक्स ऑफिस पर कितना कमाल दिखा पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *