14 Mar 2026, Sat

सरकार ने माना, ”LPG सप्लाई चिंता का विषय”, CNG और PNG पर कहा- कोई कमी नहीं

देश में एलपीजी सप्लाई को लेकर सरकार का बयान: थोड़ी कमी स्वीकार, घबराने की जरूरत नहीं

नई दिल्ली। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने देश में एलपीजी (लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस) की उपलब्धता को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए माना है कि वर्तमान में सप्लाई पर दबाव है और थोड़ी कमी देखी जा रही है। मंत्रालय की जॉइंट सेक्रेटरी सुजाता शर्मा ने शुक्रवार को एलपीजी, सीएनजी और पीएनजी की मौजूदा स्थिति पर विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि एलपीजी की सप्लाई चिंता का विषय है, लेकिन नागरिकों को घबराने की आवश्यकता नहीं है।

सरकारी जानकारी के अनुसार, सामान्य दिनों में प्रतिदिन लगभग 50 से 55 लाख एलपीजी सिलेंडरों की बुकिंग होती थी, लेकिन पिछले कुछ दिनों में यह संख्या बढ़कर 75 से 76 लाख तक पहुंच गई है। अधिकारियों के मुताबिक, यह बढ़ोतरी पैनिक बुकिंग के कारण हुई है। सरकार ने स्पष्ट किया कि गैस वितरकों की ओर से किसी प्रकार के “ड्राई आउट” (सप्लाई पूरी तरह खत्म होने) का कोई संदेश नहीं मिला है। जनता से अपील की गई है कि अफवाहों पर ध्यान दें और संयम बनाए रखें।

सरकार ने यह भी बताया कि एलपीजी आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। अस्पतालों और हॉस्टलों को गैस सप्लाई में प्राथमिकता दी जा रही है ताकि आवश्यक सेवाएं प्रभावित हों। इसके अलावा, 5 मार्च की तुलना में देश में एलपीजी उत्पादन को 40 प्रतिशत तक बढ़ा दिया गया है, जिससे मांग और आपूर्ति के बीच संतुलन बनाए रखा जा सके।

राज्यों को वितरण के लिए 48,000 किलोलीटर (लगभग 4.8 करोड़ लीटर) केरोसीन तेल भी जारी किया गया है। साथ ही, सरकार ने कोल इंडिया को होटल और रेस्टोरेंट सेक्टर को कोयला उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों से भी आवश्यक सेवाएं जारी रह सकें।

एलपीजी के साथ-साथ सरकार ने सीएनजी (कंप्रेस्ड नेचुरल गैस) और पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) की उपलब्धता पर भी स्थिति स्पष्ट की है। मंत्रालय के अनुसार, देश में सीएनजी और पीएनजी की कोई कमी नहीं है। इनकी सप्लाई सामान्य रूप से जारी है और किसी प्रकार की कटौती नहीं की गई है। घरेलू उपभोक्ताओं को पीएनजी की आपूर्ति नियमित रूप से मिलती रहेगी।

पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर भी सरकार ने आश्वासन दिया है कि देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है। सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल और डीजल उपलब्ध है और सप्लाई चेन सामान्य रूप से कार्य कर रही है।

सरकार ने दोहराया कि वर्तमान स्थिति अस्थायी है और आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे जरूरत के अनुसार ही सिलेंडर बुक करें और अनावश्यक स्टॉकिंग से बचें। अधिकारियों का कहना है कि आपूर्ति व्यवस्था को स्थिर बनाए रखने के लिए सभी संबंधित एजेंसियां समन्वय के साथ काम कर रही हैं।

फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और सरकार लगातार बाजार की मांग पर नजर रखे हुए है। आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *