बॉलीवुड में कई ऐसी अभिनेत्रियां रही हैं, जिन्होंने करियर के शुरुआती दौर में खूब नाम कमाया, लेकिन समय के साथ वे फिल्मी दुनिया से दूर होती चली गईं। इन्हीं में एक नाम है मिनीषा लांबा, जिन्होंने रणबीर कपूर, संजय दत्त और अभय देओल जैसे बड़े सितारों के साथ काम किया, लेकिन बावजूद इसके उन्हें वह मुकाम नहीं मिल सका, जिसकी उनसे उम्मीद की जा रही थी। भले ही मिनीषा बीते करीब 9 सालों से बड़े पर्दे से दूर हों, लेकिन वे आज भी किसी न किसी वजह से सुर्खियों में बनी रहती हैं।
मिनीषा लांबा ने साल 2005 में फिल्म ‘यहां’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। इस फिल्म में उन्होंने ‘अदा’ का किरदार निभाया था। इसके बाद वे ‘कॉर्पोरेट’, ‘रॉकी: द रिबेल’, ‘एंथनी कौन है?’, ‘हनीमून ट्रैवल्स प्राइवेट लिमिटेड’ और ‘दस कहानियां’ जैसी फिल्मों में नजर आईं। हालांकि इन फिल्मों के बावजूद मिनीषा को वह स्टारडम हासिल नहीं हो सका, जिसकी उन्हें तलाश थी।
मिनीषा के करियर का टर्निंग पॉइंट रणबीर कपूर स्टारर फिल्म ‘बचना ऐ हसीनों’ रही, जिसमें उन्होंने ‘माही’ का किरदार निभाया था। इस फिल्म से उन्हें जबरदस्त पहचान मिली और उसी साल वे तीन अन्य फिल्मों में भी नजर आईं। हालांकि इसके बाद धीरे-धीरे उनके पास फिल्मों के ऑफर्स कम होते चले गए। करीब 21 साल के करियर में मिनीषा लांबा ने अब तक केवल 19 फिल्मों में ही काम किया है।
फिल्मों के अलावा मिनीषा ने टीवी और रियलिटी शोज में भी हाथ आजमाया। साल 2014 में उन्होंने ‘बिग बॉस 8’ में बतौर कंटेस्टेंट हिस्सा लिया और शो के दौरान खूब सुर्खियां बटोरीं, हालांकि वे ज्यादा समय तक शो में नहीं टिक सकीं। इसके अलावा वे ‘छूना है आसमान’, ‘कॉमेडी नाइट्स बचाओ’, ‘तेनाली रामा’ और ‘इंटरनेट वाला लव’ जैसे शोज में भी नजर आ चुकी हैं। आखिरी बार वे अमेजन मिनी टीवी की वेब सीरीज ‘बदतमीज दिल’ में दिखाई दी थीं।
मिनीषा लांबा अपने एक इंटरव्यू को लेकर भी चर्चा में रही थीं, जिसमें उन्होंने खुलासा किया था कि फिल्म ‘यहां’ की शूटिंग के दौरान डायरेक्टर सुजित सरकार ने एक इमोशनल सीन के लिए उन्हें सेट पर थप्पड़ मार दिया था। अभिनेत्री के मुताबिक, वह सीन में रो नहीं पा रही थीं, जिसके चलते डायरेक्टर ने ऐसा किया।
आज 41 साल की उम्र में भी मिनीषा लांबा की खूबसूरती और फिटनेस लोगों को हैरान कर देती है। सोशल मीडिया पर वह काफी एक्टिव रहती हैं और अपनी तस्वीरों व वीडियो से फैंस को लगातार अपडेट देती रहती हैं। हाल ही में उनका सर्फिंग करते हुए वीडियो वायरल हुआ था, जिसने एक बार फिर उन्हें चर्चा में ला दिया।

