विधानसभा में गरजे योगी आदित्यनाथ, बोले- ‘यूपी बॉटम थ्री से टॉप थ्री में पहुंचा’, सपा पर साधा निशाना
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा में बजट चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य की प्रगति का लेखा-जोखा पेश करते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, 86 लाख किसानों का कर्ज माफ किया गया है और उत्तर प्रदेश देश के ‘बॉटम थ्री’ राज्यों से निकलकर ‘टॉप थ्री’ राज्यों में शामिल हो चुका है।
सीएम योगी ने सदन में कहा, “याद कीजिए समाजवादी पार्टी की सरकार में यूपी का क्या हाल था। उस समय प्रदेश की छवि खराब हो चुकी थी। कुछ जनपदों का नाम सुनकर होटल में कमरा देने से इनकार कर दिया जाता था।” उन्होंने दावा किया कि 2016-17 में यूपी देश में नीचे से तीसरे स्थान पर था, लेकिन डबल इंजन सरकार ने स्थिति बदल दी।
86 लाख किसानों का कर्ज माफ
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने 86 लाख किसानों का एक लाख रुपये तक का कर्ज माफ किया। उन्होंने इसे किसानों के हित में ऐतिहासिक कदम बताया। साथ ही यह भी कहा कि पहले प्रदेश को कोई बैंक या वित्तीय संस्था कर्ज देने से कतराती थी, लेकिन अब आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।
नेता प्रतिपक्ष पर हल्की चुटकी
बजट चर्चा के दौरान सीएम योगी ने नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय और सपा नेता शिवपाल सिंह यादव का जिक्र करते हुए हल्के-फुल्के अंदाज में चुटकी भी ली। उन्होंने कहा कि “मुझे लगा था नेता प्रतिपक्ष उम्र के हिसाब से आंकड़ों में घालमेल नहीं करेंगे, लेकिन लगता है चच्चू का प्रभाव पड़ गया है।” इस दौरान सदन में ठहाके भी लगे।
10वीं बार बजट पेश करने का अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह 2026-27 का बजट है और उत्तर प्रदेश के इतिहास में पहली बार किसी मुख्यमंत्री को दसवीं बार बजट पेश करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने से प्रदेश की वित्तीय स्थिति सुधरी है।
“जब हम इन्फ्रास्ट्रक्चर पर पैसा लगाते हैं, तो वह पैसा वापस देता है और रोजगार पैदा करता है,” योगी ने कहा।
ODOP और युवा योजनाओं का जिक्र
सीएम योगी ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ODOP) योजना के तहत मेरठ के ब्रास, गोरखपुर के टेराकोटा, आजमगढ़ की ब्लैक पॉटरी और भदोही की कालीन जैसे उत्पादों को बढ़ावा देने का जिक्र किया।
उन्होंने सीएम युवा योजना के तहत 1.10 लाख युवाओं को ब्याजमुक्त और गारंटी युक्त ऋण दिए जाने की जानकारी दी। साथ ही कहा कि नीति आयोग और सीएजी ने भी यूपी की आर्थिक प्रगति की सराहना की है।
भारत मंडपम घटना पर टिप्पणी
मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में यूथ कांग्रेस के शर्टलेस प्रदर्शन की भी निंदा की। उन्होंने कहा कि “अंतरराष्ट्रीय मंच पर इस तरह की अराजकता फैलाना और देश की छवि खराब करना शर्मनाक है।”
सदन में सीएम योगी के भाषण के दौरान सत्ता पक्ष ने मेज थपथपाकर समर्थन जताया, जबकि विपक्ष ने आंकड़ों पर सवाल उठाए। बजट पर चर्चा आगे भी जारी रहने की संभावना है।

