18 Mar 2026, Wed

बिना गैस के कौन-कौन सी चीजें बनाई जा सकती हैं, LPG संकट के बीच बिना पकाए तैयार होने वाला खाना, ये हैं हेल्दी विकल्प

LPG संकट के बीच बिना गैस के बनाएं ये हेल्दी फूड, 2–4 दिन आराम से निकाल सकते हैं

देश के कई हिस्सों में इन दिनों एलपीजी गैस की कमी लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनती जा रही है। रसोई गैस की किल्लत के चलते जहां होटल और ढाबों पर असर पड़ा है, वहीं घरों में भी लोगों को सीमित खाना बनाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मध्य पूर्व में जारी तनाव का असर ऑयल सप्लाई और शिपिंग पर पड़ा है, जिसका सीधा असर आम लोगों की रसोई तक पहुंच गया है।

ऐसे हालात में घबराने की जरूरत नहीं है। अगर आपके घर में भी गैस खत्म होने वाली है, तो आप बिना गैस जलाए भी कई पौष्टिक और स्वादिष्ट चीजें बनाकर खा सकते हैं। ये विकल्प केवल आसान हैं बल्कि सेहत के लिए भी फायदेमंद हैं।

सबसे पहले बात करें अंकुरित अनाज की, तो यह सबसे हेल्दी और आसान विकल्प है। आप चना, मूंग या सोयाबीन को अंकुरित करके नाश्ते या हल्के भोजन के रूप में खा सकते हैं। इसमें प्रोटीन, फाइबर और जरूरी विटामिन भरपूर मात्रा में होते हैं। इसे स्वादिष्ट बनाने के लिए आप इसमें बारीक कटा खीरा, टमाटर और प्याज मिला सकते हैं। साथ ही थोड़ा नमक, चाट मसाला और नींबू डालकर इसका स्वाद और बढ़ाया जा सकता है।

दूसरा बेहतरीन विकल्प है दही-चूड़ा। यह खासतौर पर बिहार का पारंपरिक भोजन है, जिसे बिना पकाए आसानी से तैयार किया जा सकता है। बाजार से चूड़ा या पोहा लाकर उसमें दही मिलाएं और चाहें तो थोड़ा गुड़ या चीनी डालकर खा सकते हैं। यह पेट भरने के साथ-साथ ठंडक भी देता है और गर्मी के मौसम में बेहद फायदेमंद रहता है।

तीसरा विकल्प है सत्तू, जो गर्मियों में खासा लोकप्रिय होता है। सत्तू को पानी या दूध में घोलकर पीया जा सकता है। नमकीन सत्तू में नींबू, काला नमक, भुना जीरा, प्याज और हरी मिर्च डालकर इसे और स्वादिष्ट बनाया जा सकता है। वहीं मीठा सत्तू भी उतना ही टेस्टी होता है। यह एक ऐसा फूड है जो आपको ऊर्जा देता है और लंबे समय तक भूख नहीं लगने देता।

अगर आप कुछ हल्का और जल्दी तैयार होने वाला खाना चाहते हैं, तो सैंडविच एक अच्छा विकल्प है। ब्रेड में मेयोनीज, हरी चटनी या सॉस लगाकर उसमें खीरा, टमाटर और प्याज डालकर टेस्टी सैंडविच बना सकते हैं। इसमें किसी भी तरह की कुकिंग की जरूरत नहीं होती।

इसके अलावा, आप चटनी और दही के साथ भी खाना खा सकते हैं। दाल या सब्जी बनाने की बजाय अलग-अलग तरह की चटनियां तैयार कर लें और उन्हें चावल या ब्रेड के साथ खाएं। इमली, हरी मिर्च और प्याज मिलाकर हल्का रसम जैसा मिश्रण भी बनाया जा सकता है, जिसे चावल के साथ खाया जा सकता है।

कुल मिलाकर, गैस की कमी के दौरान थोड़ी समझदारी से आप बिना पकाए भी पौष्टिक और स्वादिष्ट भोजन कर सकते हैं। ये विकल्प केवल गैस बचाते हैं बल्कि समय और मेहनत भी कम करते हैं। ऐसे में संकट के समय इन आसान उपायों को अपनाकर आप अपनी रसोई को सुचारु रूप से चला सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *