27 Feb 2026, Fri

बनाएं चटपटा मिक्स अचार, पड़ेगी गाजर-हरी मिर्च-गोभी की जरूरत, फटाफट नोट कर लीजिए रेसिपी

Mixed Pickle Recipe: घर पर बनाएं तीखा और चटपटा मिक्स अचार, खाने का स्वाद हो जाएगा दोगुना

भारतीय खाने की थाली अचार के बिना अधूरी मानी जाती है। दाल-चावल हो, रोटी-सब्जी या फिर पराठा—अगर साथ में चटपटा अचार मिल जाए तो स्वाद कई गुना बढ़ जाता है। अगर आप भी बाजार के अचार की बजाय घर पर ताजा और मसालेदार मिक्स अचार बनाना चाहते हैं, तो यह आसान रेसिपी आपके बेहद काम आएगी।

यह मिक्स अचार न सिर्फ स्वाद में लाजवाब होता है, बल्कि इसे बनाना भी बेहद सरल है। खास बात यह है कि इसमें इस्तेमाल होने वाली सारी सामग्री आपके किचन में आसानी से मिल जाएगी।

जरूरी सामग्री

  • 250 ग्राम गाजर

  • 250 ग्राम मूली

  • 250 ग्राम गोभी

  • 250 ग्राम हरी मिर्च

  • स्वादानुसार नमक

  • 1 चम्मच पिसी हुई राई

  • 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर

  • 1 चम्मच धनिया पाउडर

  • आधा बड़ा चम्मच हल्दी पाउडर

  • 1 चम्मच अमचूर पाउडर

  • 1 चम्मच गरम मसाला

  • चुटकी भर हींग

  • आधा चम्मच जीरा

  • पर्याप्त मात्रा में तेल

  • 1 तेज पत्ता

  • 2 लौंग

  • 1 नींबू का रस

बनाने की आसान विधि

पहला स्टेप:
सबसे पहले गाजर और मूली को छीलकर अच्छी तरह धो लें। गोभी और हरी मिर्च को भी साफ पानी से धो लें ताकि उनमें कोई गंदगी न रहे।

दूसरा स्टेप:
धोने के बाद सभी सब्जियों को सूखे तौलिए पर फैला दें, ताकि उनका अतिरिक्त पानी पूरी तरह सूख जाए। अचार में नमी रहने से वह जल्दी खराब हो सकता है, इसलिए यह स्टेप बेहद जरूरी है।

तीसरा स्टेप:
अब गाजर, मूली और हरी मिर्च को लंबाई में काट लें। गोभी के छोटे-छोटे फूल अलग कर लें। ध्यान रखें कि टुकड़े न बहुत मोटे हों और न ही बहुत पतले।

चौथा स्टेप:
कड़ाही में तेल गर्म करें। इसमें हींग और जीरा डालकर हल्का भून लें। अब सारी कटी हुई सब्जियां डालें और ऊपर से नमक, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, हल्दी, अमचूर और गरम मसाला डालकर अच्छी तरह मिला लें।

पांचवां स्टेप:
अब इसमें तेज पत्ता और लौंग डालकर पूरे मिश्रण को लगभग 5 मिनट तक हल्की आंच पर पकाएं। इससे मसालों का स्वाद सब्जियों में अच्छी तरह समा जाएगा।

छठा स्टेप:
गैस बंद करने के बाद इसमें पिसी हुई राई मिला दें और मिश्रण को ढककर लगभग 5 घंटे के लिए छोड़ दें। इससे अचार में मसालों का फ्लेवर और भी गहरा हो जाएगा।

सातवां स्टेप:
अंत में इसमें नींबू का रस मिला दें। चाहें तो हल्की मिठास के लिए एक चम्मच चीनी भी डाल सकते हैं।

आपका चटपटा और तीखा मिक्स अचार तैयार है। इसे रोटी, पराठे या दाल-चावल के साथ सर्व करें और खाने का मजा दोगुना करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *