22 Mar 2026, Sun

बड़े बजट ने निकानी इन सुपरहिट फिल्मों के सीक्वल की हवा, ‘वॉर 2’ से लेकर ‘सन ऑफ सरदार 2’ तक को लगी तगड़ी चपत, जानें सीक्वल के लिए कैसा रहा 2025

साल 2025 बॉलीवुड के लिए एक बड़ा सबक लेकर आया। बीते कुछ वर्षों से हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में सीक्वल, प्रीक्वल और फ्रेंचाइजी फिल्मों को सबसे सुरक्षित दांव माना जा रहा था। माना जाता था कि हिट फिल्मों के नाम, लोकप्रिय किरदार और नॉस्टेल्जिया दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच ही लाएंगे। लेकिन 2025 ने इस सोच को पूरी तरह गलत साबित कर दिया। बड़े बजट, स्टार पावर और भारी प्रचार के बावजूद कई चर्चित सीक्वल बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप साबित हुए।

इस साल रिलीज हुई वॉर 2, हाउसफुल 5, बागी 4 और सन ऑफ सरदार 2 जैसी फिल्मों की असफलता ने यह साफ कर दिया कि अब सिर्फ ब्रांड नेम के दम पर दर्शकों को टिकट खिड़की तक नहीं लाया जा सकता। अगर कहानी में दम नहीं है और प्रस्तुति दोहराव भरी है, तो दर्शक फिल्म को नकारने में देर नहीं लगाते।

ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर स्टारर ‘वॉर 2’ से जबरदस्त उम्मीदें थीं। करीब 400 करोड़ रुपये के भारी बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में लगभग 365 करोड़ रुपये की कमाई की, लेकिन यह 2019 में आई ‘वॉर’ के लाइफटाइम कलेक्शन को भी पार नहीं कर पाई। इतने बड़े बजट के मुकाबले यह प्रदर्शन निराशाजनक माना गया।

इसी तरह अक्षय कुमार की मल्टीस्टारर कॉमेडी ‘हाउसफुल 5’ भी उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। लगभग 250 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने करीब 364 करोड़ रुपये का कारोबार किया। भव्य लोकेशन, बड़े कलाकार और अलग-अलग वर्जन रिलीज करने जैसे प्रयोग भी कमजोर स्क्रिप्ट और दोहरे अर्थ वाले जोक्स की भरपाई नहीं कर सके।

टाइगर श्रॉफ की ‘बागी 4’ फ्रेंचाइजी की सबसे कमजोर कड़ी साबित हुई। जहां ‘बागी 3’ ने महामारी के दौर में भी ठीक-ठाक कमाई की थी, वहीं ‘बागी 4’ दुनियाभर में सिर्फ 77 करोड़ रुपये ही जुटा पाई। इसी तरह 13 साल बाद आई ‘सन ऑफ सरदार 2’ भी बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिर पड़ी। करीब 130-150 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म महज 60-66 करोड़ रुपये ही कमा सकी, जिससे मेकर्स को भारी नुकसान हुआ।

हालांकि सभी सीक्वल पूरी तरह फेल नहीं रहे। ‘जॉली एलएलबी 3’ ने भले ही पिछली फिल्मों जैसा मुनाफा न कमाया हो, लेकिन 80 करोड़ के बजट में 160 करोड़ रुपये की कमाई कर अपनी इज्जत बचा ली। वहीं ‘रेड 2’ इस साल की इकलौती ऐसी सीक्वल रही, जिसने शानदार प्रदर्शन किया। करीब 120 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में 243 करोड़ रुपये की कमाई कर साबित किया कि मजबूत कंटेंट आज भी काम करता है।

कुल मिलाकर, 2025 ने बॉलीवुड को यह साफ संदेश दे दिया कि नाम नहीं, बल्कि कंटेंट ही असली राजा है। फ्रेंचाइजी का सहारा लेकर कमजोर कहानियां अब नहीं चलेंगी। दर्शक अब ज्यादा समझदार हो चुके हैं और वही फिल्में पसंद कर रहे हैं, जिनमें दमदार कहानी, ताजगी और ईमानदार प्रस्तुति हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *