22 Mar 2026, Sun

पीएम मोदी बोले: “मैं कार्यकर्ता हूं, नितिन नबीन मेरे बॉस” — बीजेपी को मिला नया राष्ट्रीय अध्यक्ष

भारतीय जनता पार्टी में एक नए अध्याय की शुरुआत हो गई है। नितिन नबीन को निर्विरोध बीजेपी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। मंगलवार को उन्होंने औपचारिक रूप से दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में पदभार ग्रहण किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

पदभार संभालने से पहले नितिन नबीन ने दिल्ली के प्रमुख धार्मिक स्थलों में पूजा-अर्चना की। उन्होंने सबसे पहले झंडेवालान मंदिर, वाल्मीकि मंदिर, हनुमान मंदिर और बंगला साहिब गुरुद्वारे में दर्शन किए। इसके बाद वे बीजेपी मुख्यालय पहुंचे, जहां भव्य समारोह के बीच उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यभार संभाला।

इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंच से नितिन नबीन की जमकर सराहना की। पीएम मोदी ने कहा,
“लोग मुझे प्रधानमंत्री के रूप में जानते हैं, लेकिन मेरे जीवन का सबसे बड़ा गर्व यह है कि मैं बीजेपी का एक कार्यकर्ता हूं। आज नितिन नबीन मेरे बॉस हैं और मैं उनका कार्यकर्ता हूं।”

पीएम मोदी ने नितिन नबीन को युवा ऊर्जा और अनुभव का संगम बताते हुए कहा कि वे उस पीढ़ी से आते हैं जिसने रेडियो के दौर से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तक का सफर देखा है। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन पर सिर्फ बीजेपी ही नहीं, बल्कि एनडीए के सभी सहयोगी दलों के बीच समन्वय की भी बड़ी जिम्मेदारी होगी।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में बीजेपी के संगठनात्मक इतिहास का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी के नेतृत्व में पार्टी ने शून्य से शिखर तक का सफर तय किया। राजनाथ सिंह के नेतृत्व में बीजेपी को पहली बार पूर्ण बहुमत मिला, जबकि अमित शाह और जे.पी. नड्डा के कार्यकाल में पार्टी ने देशभर में अपनी पकड़ और मजबूत की।

नितिन नबीन बीजेपी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं। उनके अध्यक्ष बनने के साथ ही पार्टी के संगठन और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर नई दिशा तय होने की उम्मीद की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *