कोलंबो | आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को प्रस्तावित भारत और पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबले को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने संकेत दिए हैं कि वह भारत के खिलाफ मैच के बॉयकॉट के फैसले पर पुनर्विचार कर सकता है। पीसीबी को उम्मीद है कि वह इस मुद्दे पर 15 फरवरी से पहले सरकार से बातचीत करेगा और कोई सकारात्मक समाधान निकलेगा।
दरअसल, पाकिस्तान सरकार ने पीसीबी को टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने की अनुमति तो दे दी है, लेकिन भारत के खिलाफ खेलने पर रोक लगा दी है। यह फैसला न सिर्फ क्रिकेट प्रशंसकों के लिए झटका है, बल्कि आईसीसी और ब्रॉडकास्टर्स के लिए भी बड़ा आर्थिक नुकसान माना जा रहा है, क्योंकि भारत-पाकिस्तान मुकाबला टूर्नामेंट का सबसे ज्यादा कमाई करने वाला मैच होता है।
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने जताई चिंता
न्यूज़ एजेंसी PTI के मुताबिक, श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) ने हाल ही में पीसीबी को एक ईमेल भेजा है, जिसमें भारत-पाकिस्तान मैच के बॉयकॉट से होने वाले आर्थिक नुकसान पर चिंता जताई गई है। ईमेल में कहा गया है कि अगर यह मुकाबला नहीं खेला गया तो श्रीलंका क्रिकेट को टिकट बिक्री और ब्रॉडकास्ट रेवेन्यू में भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। इसके साथ ही टूर्नामेंट की वैश्विक छवि पर भी नकारात्मक असर पड़ेगा।
गौरतलब है कि पाकिस्तान अपने सभी मुकाबले कोलंबो और पाल्लेकल में खेल रहा है और भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर श्रीलंका में जबरदस्त उत्साह है। ऐसे में इस मुकाबले का रद्द होना मेजबान देश के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है।
PCB और श्रीलंका बोर्ड के रिश्ते बने उम्मीद की वजह
सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच सरकार और क्रिकेट स्तर पर संबंध हमेशा अच्छे रहे हैं। इसी वजह से श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के अनुरोध को नजरअंदाज करना पीसीबी के लिए आसान नहीं होगा। बताया जा रहा है कि श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष शम्मी सिल्वा ने सीधे पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी से बातचीत की है और मौजूदा हालात में श्रीलंका को पाकिस्तान के सहयोग की जरूरत बताई है।
सूत्रों का कहना है कि मोहसिन नकवी ने शम्मी सिल्वा को भरोसा दिलाया है कि वह इस मुद्दे को पाकिस्तान सरकार के सामने उठाएंगे और भारत के खिलाफ मैच खेलने के फैसले पर दोबारा विचार करने की कोशिश करेंगे।
हाई-वोल्टेज मुकाबले पर टिकी हैं सबकी निगाहें
भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाना तय है। यह मैच सिर्फ दो टीमों के बीच नहीं, बल्कि करोड़ों क्रिकेट प्रशंसकों की भावनाओं से भी जुड़ा है। अगर पाकिस्तान सरकार अपने फैसले पर नरमी दिखाती है, तो यह मुकाबला टूर्नामेंट की रौनक को कई गुना बढ़ा सकता है।
जीत के साथ पाकिस्तान ने किया आगाज
इस बीच पाकिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत शानदार अंदाज में की है। अपने पहले मुकाबले में पाकिस्तान ने नीदरलैंड्स को 3 विकेट से हराकर जीत दर्ज की और अंक तालिका में मजबूत शुरुआत की है। अब सभी की निगाहें भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर होने वाले अंतिम फैसले पर टिकी हुई हैं।

