11 Feb 2026, Wed

पंजाब के गिद्दड़बाड़ा में दो गुटों के बीच हिंसक संघर्ष, दो लोगों की मौत से मचा हड़कंप, जानें पूरा मामला

चंडीगढ़ | पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब जिले में शुक्रवार देर रात एक पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गिद्दड़बाड़ा क्षेत्र के गांव कोटभाई स्थित कोठे दशमेश नगर में खाल (नाली) निर्माण को लेकर दो गुटों के बीच हुई भिड़ंत में दो लोगों की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बन गया है। मृतकों की पहचान बलजीत सिंह और निर्मल सिंह के रूप में हुई है।

घटना के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।

लंबे समय से चल रहा था खाल निर्माण को लेकर विवाद

पुलिस और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, गांव में जमीन पर पक्का खाल (नाली) बनाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि पहले से घरों के सामने एक पक्का खाल मौजूद था, लेकिन उसकी जगह नई खाल बनाने की कोशिश की जा रही थी। इस पर एक गुट ने आपत्ति जताई थी।

शुक्रवार देर रात इसी मुद्दे पर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और मामला इतना बिगड़ गया कि तेजधार हथियारों और लाठियों से हमला किया गया।

अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

हिंसक संघर्ष में बलजीत सिंह और निर्मल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोग उन्हें तुरंत पास के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दोहरी हत्या की खबर फैलते ही गांव और आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया।

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही गिद्दड़बाड़ा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। गिद्दड़बाड़ा के डीएसपी अरुण मुंडन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि खाल निर्माण को लेकर चला आ रहा विवाद ही हिंसा की वजह बना।

डीएसपी ने कहा,
“दो गुटों के बीच खाल को लेकर झड़प हुई है, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

पुलिस ने इलाके में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी है और संदिग्धों से पूछताछ जारी है।

पंजाब में बढ़ती हिंसा से चिंता

गौरतलब है कि यह घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब पंजाब पहले ही हिंसक घटनाओं को लेकर सुर्खियों में है। इससे पहले शुक्रवार को ही जालंधर में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता लक्की ओबेरॉय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

जालंधर के मॉडल टाउन इलाके में गुरुद्वारे के बाहर दोपहिया वाहन पर सवार अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक, हमलावरों ने कम से कम पांच राउंड फायरिंग की और फरार हो गए।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

लगातार हो रही इन हिंसक घटनाओं ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खाल जैसे स्थानीय विवादों का इस हद तक हिंसक हो जाना प्रशासन के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *